
सतना. जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के भमरहा गांव में 16 वर्षीय किशोरी को घर में बंद कर म्यार से लटकाने के बाद बेदम पीटने का मामला सामने आया है। किशोरी ने पड़ोसी पर दुष्कर्म व जान से मारने की कोशिश का भी सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत पर थाना पुलिस ने पड़ोसी और उसकी पत्नी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी के आरोपों को पुलिस पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
दुष्कर्म की कोशिश
किशोरी ने पुलिस को बताया, मंगलवार की रात बद्री कुशवाहा और उसकी पत्नी सियावती उसे हैंडपम्प से घसीटकर घर के अंदर ले गए। वहां एक कमरे में उसके हाथ-पैर बांधकर उल्टा लटकाकर जलती हुई लकड़ी से पीटा गया। इसके चलते चेहरे, गर्दन व कमर में चोट आई। बद्री ने दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन किसी तरह जान बचाकर भागने में कामयाब हो गई। किशोरी के चेहरे पर जलने के घाव होने के चलते उसे परिजन अस्पताल लाए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बचाव करने गई तो दबोच लिया
बुधवार को मां के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने आई किशोरी ने घटना के बारे में उसने बताया कि मंगलवार की शाम बद्री कुशवाहा का लड़का शत्रुघन उसके भाई शिवकुमार को पीट रहा था। जैसे ही बीच-बचाव करने गई आरोपियों ने दबोच लिया। घसीट कर घर के अंदर ले गए और बंद कर दिया। सूत्रों के मुताबिक किशोरी व आरोपी के परिवार के खिलाफ किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। किशोरी द्वारा पूर्व में कई बार थाना प्रभारी, एसपी व महिला आयोग में बद्री कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की कोशिश की शिकायत कर जांच की मांग की जा चुकी है।
पुलिस बता रही पुरानी रंजिश
किशोरी के सनसनीखेज आरोपों के बाद पुलिस ने बद्री कुशवाहा व उसकी पत्नी के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया है। टीआई योगेंद्र सिंह जयशूर के मुताबिक भमरहा में विश्वकर्मा व कुशवाहा परिवार की महिलाओं में काफी समय से विवाद चल रहा है। किशोरी के साथ मारपीट हुई है, बाकी आरोपों की जांच चल रही है। पीडि़ता ने 10 फरवरी को एसपी को आवेदन देकर बद्री कुशवाहा से इज्जत व जान का डर बताकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत से खिसियाए आरोपी ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है।