
अलीगढ। जिले के खैर में एक सिरफिरे मास्टर ने एक पालतू कुत्ते को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि वो उस पर भौंक रहा था। इससे कुत्ते की मौत हो गई। मोहल्ले वालो ने अध्यापक की शिकायत 100 नंबर पर की तो पुलिस पूछताछ के लिए आई और कुत्ते की फोटो लेकर चली गई। फिलहाल पुलिस ने कुत्ता मालिक को इस मामले में तहरीर देने को कहा है।
ये था मामला
खैर कस्बे के गोला कुआं से आज सुभाष नामक एक अध्यापक अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में एक पालतू कुत्ता भूरा उन पर भौंकने लगा। इस पर मास्टर साहब को गुस्सा आ गया और वो दौड़कर अपने घर गए और रायफल लेकर भूरा को गोली मार दी। गोली लगते बेजुबान भूरा तड़पता हुआ खेतों की ओर भागा, लेकिन कुछ ही देर में उसकी खेतों में ही मौत हो गई। इस मामले में कुत्ता मालिक दीपक शर्मा ने बताया कि भूरा को मारने के बाद भी मास्टर साहब को कोई पछताबा नहीं है। उन्होंने धमकी दी है कि आगे से कोई भी कुत्ता उन पर गुर्राएगा या भौंकेगा तो वे उसे ऐसे ही गोली मार देंगे।