रामपुर बाघेलान के ब्राम्हन टोला के दो घरों में चोरी, अमरपाटन थाना क्षेत्र में भी एक घर को निशाना बनाया
सतना. रामपुर बाघेलान कस्बा के दो सूने घरों को चोर ने निशाना बना लिया। चोरी कर रहे बदमाश को जब पड़ोस से किसी के आने की आहट मिली तो वह बैग लेकर भाग निकला। इसी तरह की एक घटना अमरपाटन थाना क्षेत्र में सामने आई है। जहां से आभूषण चोरी होने की खबर है। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों का सुराग जुटाना शुरू कर दिया है।
जानकारी मिली है कि रामपुर बाघेलान के वार्ड 10 ब्राम्हन टोला में रहने वाले अधिवक्ता अजय कुमार मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनकी शिकायत पर आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला कायम किया गया है। अजय ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा मन्नू लाल मिश्रा और चचेरे भाई कमलेश मिश्रा के सूने घरों में चोरी हुई है। मन्नू अपने पुत्र मनोज के साथ रायपुर गए हैं। जबकि कमलेश नौकरी के सिलसिले में बाहर रहता है और उसका परिवार कटनी में रह रहा है। एेसे में दोनों घर सूने थे। शुक्रवार के तड़के करीब 4 बजे पड़ोस के प्रमोद मिश्रा ने शोर किया तो अजय घर से बाहर निकले। तब देखा कि एक बदमाश झोला लिए भाग रहा है। उसे पकडऩे की कोशिश की गई लेकिन वह हाथ नहीं आया।मौके से जुटाए सुरागदो घरों में घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट अजीत सिंह व डॉग् स्क्वायड को बुलाया गया। इनके साथ एसआइ विक्रम पाठक घटना स्थल पर जांच करने पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए घटना स्थल से सुराग जुटाए हैं। घर मालिकों के आने के बाद पता चल सकेगा कि आखिर चोरी क्या क्या हुआ है।
टूट गए घर के ताले
अमरपाटन थाना क्षेत्र में दुर्गा शंकर बाजपेई के यहां चोरी हुई है। जानकरी मिली है कि मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे गहने चोरी किए गए हैं। इस संबंध में शशांक बाजपेई पुत्र स्व. हर्ष कुमार बाजपेई (19) ने अमरपाटन थाने में लिखित जानकारी दी है। शशांक जबलपुर में पढ़ता है और गुरुवार को दिन में घर गया था। इसके बाद वह ककरा गांव में अपनी मां मधु बाजपेई के पास चला गया था। सुबह पड़ोस में रहने वालों ने देखा तो फोन पर घटना की सूचना दी।