सतना

ये आराम का मामला है…सतना में एसी-कूलर के गोदाम में सोता मिला चोर

AC Cooler Godown Theft: सुबह गोदाम संचालक ने शटर खोला तो अंदर सोता मिला युवक, पकड़कर पुलिस के हवाले किया, चोर के साथी गोदाम से करीब तीन लाख का माल चोरी कर ले गए।

2 min read
Jun 07, 2026
SATNA
thief caught sleeping inside ac cooler godwn (AI IMAGE)

Satna Thief Caught Sleeping in Godown: अभी तो रात है सुबह होने में वक्त है, दो-तीन घंटे आराम कर लेता हूं और सुबह होने से पहले भाग जाऊंगा..शायद यही सोचकर चोर सो गया और नींद ने उसे ऐसा धोखा दिया कि सुबह जब आंख खुली तो आसपास लोगों की भीड़ थी। मामला मध्यप्रदेश के सतना जिले का है जहां एक एसी-कूलर के गोदाम में चोर सोता हुआ मिला है। गोदाम संचालक ने लोगों की मदद से चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है जिससे पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है।

एसी-कूलर गोदाम में लाखों की चोरी

सतना शहर के खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के एसी और कूलर के गोदाम में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे गिरोह का एक सदस्य गोदाम के भीतर ही गहरी नींद में सो गया। गोदाम संचालक बिहारी मगनानी ने बताया कि बदमाश गोदाम से एसी के आउटडोर यूनिट समेत करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए हैं। वारदात के दौरान गिरोह का एक सदस्य गोदाम के भीतर ही फर्श पर लेटकर सो गया, जबकि उसके अन्य साथी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।

सुबह गोदाम संचालक को सोते मिला चोर

सुबह जब गोदाम संचालक रोजाना की तरह गोदाम खोलने पहुंचे तो अंदर एक युवक को सोता देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में युवक के चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे फरार साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं चोरी गए सामान की सूची तैयार कर उसकी बरामदगी के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि संदेही युवक से पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। चोरी करने आए चोर का गोदाम में यूं नींद में सोते मिलना और सुबह पकड़ा जाना शहर में चर्चाओं का विषय बना हुआ है। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच एक चोर के पकड़े जाने से ये भी उम्मीद लगाई जा रही है कि उससे पूछताछ में और भी चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Published on:
07 Jun 2026 05:33 pm