सतना

MP में बड़ा सड़क हादसा! नहर में गिरा सरिया से लदा ट्रक, उड़े परखच्चे, 3 की मौत

mp news: मध्य प्रदेश के सतना में सरिया से लदा ट्रक हाइवे से नहर में गिरा। तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कटर मशीन से निकाले गए शव।

2 min read
Apr 22, 2026
Truck Loaded with Steel Bars Plunges into Canal Three Laborers lost life in satna mp news
Truck Loaded with Steel Bars Plunges into Canal in satna (Patrika.com)

mp news: मध्य प्रदेश के सतना जिले में तेज रफ्तार ने तीन और लोगों की जान ले ली। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चालक, क्लीनर और एक मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक

हादसे की जानकारी सुबह करीब 8 बजे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव उसके भीतर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कटर से निकाला गया शव

शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और केबिन दब गया था। सबसे पहले क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद दो शव बाहर निकाले जा सके। वहीं तीसरा शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालना बेहद कठिन साबित हुआ। अंततः कटर मशीन से ट्रक की बॉडी को काटकर तीसरे शव को बाहर निकाला गया। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब तीन घंटे तक चला।

ट्रक खाली करने जा रहे थे मजदूर

पुलिस के अनुसार मृतकों में दो की पहचान हो चुकी है। इनमें दिलीप केवट पिता राजेश केवट निवासी ग्राम पडरी जिला मैहर तथा विष्णु केवट पिता माखनलाल केवट निवासी रामगढ़ जिला मैहर शामिल हैं। दोनों मजदूर के रूप में ट्रक में सवार होकर सरिया खाली करने जा रहे थे। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी शवों को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरूआती जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी एंगल जैसे ड्राइवर की लापरवाही, नींद या ट्रक की तकनीकी खराबी की भी जांच कर रही है।

Updated on:
22 Apr 2026 03:31 pm
Published on:
22 Apr 2026 03:29 pm