
Angry Husband Blows Up His Own House (फोटो-Patrika.com)
mp news: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है जिससे पूरा इलाका दहल गया। यहां पत्नी के मायके जाने से पति को इतना गुस्सा आ गया कि उसने अपना ही घर फूंक दिया। घर में लगी आग इतनी भीषण थी कि पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विलायत कला में रविवार शाम का है। यहां एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। दरअसल, ग्राम विलायत कला निवासी कौशलेंद्र का अपनी पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर उसकी पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। घर में अकेले रह गए युवक ने आवेश में आकर अपने ही घर में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा घर लपटों में घिर गया और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही देर में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान घर के अंदर रखा रसोई गैस सिलेंडर आग की तपिश से फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से पूरा गांव दहल उठा और लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की वजह से घर का अधिकांश हिस्सा और कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद और पुलिस के प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आगजनी करने वाले युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि गुस्से और आवेश में उठाया गया एक गलत कदम न केवल स्वयं के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए खतरा बन सकता है।
Updated on:
20 Apr 2026 04:01 pm
Published on:
20 Apr 2026 03:44 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
