सतना

अस्मत लूटने में नाकाम बदमाशों ने महिला पर किया तलवार से वार, निकल आईं आंतें

नयागांव थाना के मोहकमगढ़ की वारदात, गंभीर हालत में महिला रीवा रेफर, आरोपी फरार  
2 min read
• •
Updated: 18 Feb 2018, 11:36 PM IST
satna attempt to rape
satna attempt to rape

सतना. नयागांव थाना अंतर्गत मोहकमगढ़ में शनिवार रात करीब 10 बजे दो बदमाशों ने महिला पर तलवार से हमला किया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया। इस वारदात के पीछे अस्मत लुटना था। नाकामयाब बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। महिला के पेट में लगी तलवार से आंत तक बाहर निकल आई है।

बेटी के साथ अकेले रहती है
कोदिया (35 वर्ष) पति राजेश प्रजापति का मोहकमगढ़ में मायका है। वहां वह विगत कई वर्ष से बेटी के साथ अकेली रहती है। शनिवार रात घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवक दीपक मवासी व लाला कोल घर में जबरन घुस गए और छेड़छाड़ करने लगे। महिला ने विरोध किया तो एक आरोपी ने तलवार से हमला कर दिया। उसने महिला के पेट पर कई वार कर किए। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हुई थी। आनन-फानन पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद महिला को संजय गांधी अस्पताल रीवा इलाज के लिए ले जाया गया। महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इसके चलते पुलिस उसका बयान नहीं ले सकी। घटना के बाद मोहकमगढ़ पहुंची नयागांव पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर आरोपियों को चिह्नित किया। टीआई के मुताबिक आरोपियों को दबोचने दबिश दी जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाश गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। घटना के बाद से गांव में सनाका खिंचा है।


नशे में दिया वारदात को अंजाम
महिला पर प्राणघातक हमला किसी पुरानी रंजिश के चलते हुआ है या फिर कोई दूसरी वजह है, यह आरोपियों के पकडऩे के बाद ही साफ होगा। लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार कोदिया पर हमला करने वाले दोनों आरोपी दीपक व लाला वारदात के दौरान शराब के नशे में धुत थे। महिला ने जब मनमानी का विरोध किया, तो तलवार का घातक प्रहार उसके पेट पर करते हुए आरोपी भाग खड़े हुए।


नहीं हो सके पीडि़ता के बयान
बदमाशों के हमले से मरणासन्न हुई महिला का इलाज संजय गांधी अस्पताल रीवा में चल रहा है। वहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला का बयान लेने रविवार को नयागांव थाना पुलिस रीवा गई लेकिन चिकित्सकों ने गंभीर हालत का हवाला देते हुए पीडि़ता से बात नहीं करने की सलाह दी। पुलिस को पीडि़ता का बयान दर्ज किए बिना ही लौटना पड़ा। बताया गया कि महिला गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती है जो फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। हालत में सुधार होने के बाद ही पुलिस फिर से बयान लेने जाएगी। टीआई नयागांव सुधांशु शर्मा ने बताया कि गंभीर हालत होने के चलते महिला के बयान नहीं हो सके हैं। वारदात में शामिल दो युवकों को चिह्नित किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Published on: