
सतना. अमरपाटन कस्बा में फिर से एक एटीएम को काटने की कोशिश की गई है। इस बार बदमाश ट्रक की आड़ में एटीएम को को नुकसान पहुंचाने के प्रयास में थे लेकिन पुलिस को आता देख सभी भाग निकले। यह वारदात तब हुई जब शनिवार और रविवार की रात पुलिस चौकसी बनाए हुई थी। इस गंभीर वारदात के बाद पुलिस के आला अफसर सक्रिय हो गए हैं। इंदौर नंबर का एक ट्रक मौके से जब्त करने के बाद कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी मिली है कि अमरपाटन कस्बा स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया के एटीएम को नुकसान पहुंचाने का प्रयास रात करीब दो बजे कुछ बदमाश कर रहे थे। आशंका है कि सड़क में एमपी 09 एचजी 7770 नंबर का ट्रक खड़ा कर चोर लुटेरे अपने काम को अंजाम दे रहे थे। तभी गस्त कर रहा पुलिस दल पहुंचा तो बदमाश भाग निकले।
कलकत्ता से आया ट्रक
यह जानकारी सामने आ रही है कि जिस ट्रक को पुलिस ने जब्त किया है वह लगेज लेकर कोलकाता गया था। कलकत्ता से ट्रक बिहार आया और वहां से धान लोड कर उसे मिर्जापुर में खाली कर दिया। इसके बाद ट्रक देवास की ओर जाने के लिए रवाना हुआ था। यह ट्रक राधा स्वामी नगर तीन इमली इंदौर के राजिक शेख पुत्र इशराइल शेख के नाम पर परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड बताया जा रहा है।
घसीट ले गए थे कैश बॉक्स
इसके पहले सितंबर महीने में अमरपाटन के ही एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को उखाडऩे के बाद बदमाशों को गिरोह कार में कैश बॉक्स को बांधकर घसीट ले गया था। तब 29.55 लाख की चोरी का मामला आया था। अब फिर से एटीएम में हरकत होने जा रही थी। बार बार अमरपाटन के एटीएम पर निशाना साध रहे बदमाश इस इलाके को वारदात के लिए सुरक्षित समझ रहे हैं।
कई राज्यों में दौड़ी पुलिस
एटीएम का कैश बॉक्स चोरी होने की वारदात के बाद से सतना पुलिस कई राज्यों तक जांच कर चुकी है। लेकिन यहां वारदात करने वाले बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। कुछ साल पहले भी अमरपाटन के ही एक एटीएम से करीब १५ लाख रुपए चोरी किए जा चुके हैं। अब फिर से एटीएम पर हरकत होने के बाद जो संदिग्ध पुलिस के हाथ आए हं उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। एसपी रियाज इकबाल और एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी भी मामले की पड़ताल के लिए अपनी खास टीम के साथ अमरपाटन पहुंचे।
बैंक चोरों का सुराग नहीं
विगत 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सितपुरा के मध्यांचल बैंक में चोरी हुई थी। चोर इस बैंक से कंप्यूटर सहित अन्य सामान ले गए थे। इस घटना के बाद 22 और 23 अगस्त की रात अमदरा थाना क्षेत्र के कुसेडी गांव स्थित मध्यांचल बैंक के ताले टूटे थे। इसके पूर्व 14 और 15 जुलाई को अमदरा क्षेत्र के ही इलाहाबाद बैंक में भी चोरी का प्रयास हुआ था। इनमें से किसी भी घटना में बदमाशों को नगदी नहीं मिली थी। यानी बदमाशों का एकमुश्त मोटी रकम चुराने का असल मकसद पूरा नहीं हुआ था। बैंक में चोरी और चोरी के प्रयास की इन घटनाओं के बाद यहां अमरपाटन में एटीएम उखाड़ कर इसका कैशबॉक्स चोरी कर ले जाने की घटना हुई। इसके बाद अब फिर एटीएम को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ। एेसे में सवाल यह है कि क्या इन सभी घटनाओं में किसी एक गिरोह का हाथ है? क्या बैंक में असफल होने के बाद एटीएम को निशाना बनाया जा रहा है?