MP News: सतना-सेमरिया मार्ग में कोटर व अबेर तक जाने में आधा घंटा लगता है। पर तीन साल से एक घंटे से ज्यादा लग रहा है....
MP News: एमपी के सतना जिले में तीन साल से खस्ताहाल सतना-सेमरिया मार्ग के दिन बहुरने वाले है। सब कुछ ठीक रहा तो बिरला रोड में संतोषा माता तिराहे से लेकर अबेर के बीच 25 किलोमीटर की टू लेन डामर सड़क 5 फरवरी यानी आज से बनने लगेगी। इसके पहले पटरी की मिट्टी हटाई जाएगी। जिससे साढे 5 मीटर चौड़े मार्ग में डामरीकरण करने में कोई दिक्कत समस्या न जाए। 5 करोड़ बजट वाले मार्ग का 15 प्रतिशत बिलो में सम्राट कंस्ट्रक्शन कंपनी को टेंडर मिल चुका है। लेकिन कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
सतना-सेमरिया मार्ग में कोटर व अबेर तक जाने में आधा घंटा लगता है। पर तीन साल से एक घंटे से ज्यादा लग रहा है। पूरे मार्ग में हजारों गड्ढे है। दो पहिया से लेकर, ऑटो, कार, ट्रक व बस ऑपरेटर परेशान है। गड्ढों के कारण हर दिन मार्ग में हादसे होते है। कई लोग अपने हाथ व पैर गंवा चुके है। वाहनों में मेंटेनेंस का खर्चा बढ़ चुका है। जर्जर हालत के कारण कई लोग आवागमन का मार्ग परिवर्तित कर दिए है। बिरसिंहपुर वाले कार व दोपहिया चालक कोठी व जैतवारा समेत अन्य रास्तों से आवागमन करते है। जबकि टिकुरी, बिहरा व गोलहटा तरफ के लोग कृपालपुर-रामस्थान होते हुए परिवर्तित मार्ग से चलते है।
सतना-सेमरिया मार्ग में 5 फरवरी से कार्य शुरू हो रहा है। 25 किमी. की डामर सड़क बनाई जाएगी। सड़क संतोषी माता से अबेर तक बनाई जाएगी। - वीआर सिंह, ईई, पीडब्ल्यूडी
बता दें कि बिरहुली आरओबी का कार्य 29.55 करोड़ में हो रहा है। कार्य की शुरुआत 26 सितंबर 2023 से हुई थी। 26 महीने की कार्य पूरा करना था। समय सीमा खत्म हो चुकी है। पर एक्सटेंशन देकर कार्य कराया जा रहा है। शुरुआत से ठेकेदार की मनमानी चल रही है। पीडब्ल्यूडी ईई का कहना है कि बीती बैठक में मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने का दावा सेतु निर्माण विभाग के अफसरों ने किया है। अब जून तक कार्य पूर्ण करने की बात सामने आ रही है। हालांकि दूसरा तर्क है कि ब्रिज बनने के बाद एक सीजन पानी खा लेगा तो रोड बेहतर रहती है।
इस मार्ग में बिरहुली रेलवे ओवर ब्रिज न बनने के कारण 5 किलोमीटर के डायवर्सन मार्ग ने दूरी बढ़ा दी है। जबकि आधा सैकड़ा से ज्यादा हादसे हो चुके है। कई लोग काल के गाल में समा चुके हैं। सिंगल लेन में टू लेन का ट्रैफिक डायवर्ट रहता है। भारी वाहन समेत यात्री बस, कार व बाइक नैना, सगमनिया होकर बाबूपुर की तरफ जाती है। डायवर्सन मार्ग में पटरी तक नहीं है। साथ ही धूल का गुबार छाए रहने के कारण बाइक सवार हादसे का शिकार हो जाते है।
नवंबर 2025 में 40 लाख की लागत से सतना-सेमरिया मार्ग का पेचवर्क कराया गया था। लोक निर्माण विभाग द्वारा मॉडल हाउस से पवैया के बीच डामर की एक लेन बनवाई थी। इसके पूर्व समय-समय में पेचवर्क हुआ है। पर हवा में उड़ गया। परेशान होकर विभाग ने एक तरफ से नया डामर डालने का बजट दिया है। बता दें कि यह मार्ग सतना से देवरा नदी तक 35 किलोमीटर की सीसी सड़क स्वीकृत है। पर राज्य सरकार द्वारा 87.50 करोड़ का बजट नहीं दिया गया।