पन्ना जेल ब्रेक: पवई उप जेल से हत्या के दो आरोपी फरार, चादर की रस्सी बनाकर 18 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागे
पन्ना। जिले के पवई उप जेल में बंद हत्या के मामले में दो आरोपी रविवार की सुबह चादर की रस्सी बनाकर करीब 18 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। जेल प्रबंधन को उनके जेल से भागने की भनक उस समय लगी जब नास्ते के दौरान गिनती की जा रही थी। मामले की जानकारी लगते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
जानकारी लगने के बाद जिला जेल पन्ना के जेलर भी मौके के लिए रवाना हो गए। बाद में जेल प्रबंधन ने मामले की रिपोर्ट पवई थाने में दर्ज कराई। पवई पुलिस ने घेराबंदी करके क्षेत्र के जंगलों में फरार हत्या के आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही हर संदिग्ध दिखने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
ये है मामला
पवई पुलिस के अनुसार कैदी शिव सिंह राठौर पिता राजेंद्र सिंह निवासी धरमपुरा और नारायण पटेल पिता कल्लू पटेल निवासी ग्राम खमरिया बीते करीब तीन माह से हत्या के दो अलग-अलग मामले में पवई उप जेल में बंद थे। जेल प्रबंधन के मुताबिक रविवार की सुबह लगभग 8 बजे दोनों कैदी कपड़े की चादर का सहारा लेकर जेल की करीब 18 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे।
48 कैदियों में 2 कैदी गायब मिले
जेलर कुलदीप सिंह ने बताया, रोजाना की तरह सभी बंदियों को योगा के लिए बैरकों से बाहर निकाला गया। सामूहिक रूप से योगा करने के बाद सभी कैदियों की जब नाश्ता के दौरान गिनती की गई तो जेल में बंद 48 कैदियों में 2 कैदी गायब मिले। तब जाकर जेल प्रबंधन को बंदियों के भागने की जानकारी लगी। जेल प्रबंधन ने दोनों कैदियों की तलाश करते हुए पवई के नजदीकी थानों में आरोपियों के फरार होने की सूचना दी।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जेल में बंद दोनों कैदी जिस तरह अपने-अपने बैरकों से चादर लेकर जेल के सबसे अंतिम सुरक्षा दीवार तक पहुंचने के बाद उनकी रस्सी बनाकर भागने में सफल रहे हैं। उससे जेल की सुरक्षा में लगे प्रहरियों की सक्रियता और जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उनके भागने के काफी समय बाद जेल प्रबंधन को इसकी जानकारी लगी। इससे यह भी अनुमान लगाना मुश्किल था कि कैदी कितनी दूर तक भाग गए होंगे।
आसपास के थानों को अलर्ट जारी
मामले की जानकारी पुलिस को लगने के बाद पुलिस ने आसपास के सभी जिलों के थानों को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही जेल के समीपी जंगलों में भी आरोपियों की सघन सर्चिंग की जा रही है। अभी कैदियों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं लग सकी है। फरार कैदियों में एक पत्नी की हत्या का आरोपी था तो दूसरा प्रेमिका के पति की हत्या के आरोप में जेल बंद किया गया था। पुलिस दोनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
रोजाना सुबह कैदियों को योगा कराया जाता है। योगा के बाद चाय दी जाती है। रविवार को नास्ते के समय जब गिनती हुई तब पता चला कि दो कैदी फरार हो गए हैं। जानकारी लगते ही पुलिस को सूचना दी गई है। सुरक्षा में चूक तो हुई है। अधिकारी मामले की जांच करेंगे।
कुलदीप सिंह, जेलर उप जेल पवई