Indian Railways News:पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मिशन रफ्तार परियोजना के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विगत 31 मार्च को गंगापुरसिटी में नवनिर्मित 2बाई25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन को पूर्ण लोड पर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।
गंगापुरसिटी। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मिशन रफ्तार परियोजना के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विगत 31 मार्च को गंगापुरसिटी में नवनिर्मित 2 बाई 25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन को पूर्ण लोड पर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही संबद्ध फीडर लाइन और ओवरहेड विद्युत लाइन भी क्रियाशील हो गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह कोटा मंडल का दूसरा 2×25 केवी सब-स्टेशन है। इससे मलारना से पीलोदा तक के 100 ट्रैक किलोमीटर सेक्शन को विद्युत आपूर्ति मिलेगी। इस तकनीकी उन्नयन से ट्रेनों की गति बढ़ेगी, समय पर संचालन होगा और बिजली व्यवधान से होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
जैन ने बताया कि कोटा मंडल में अब कुल 405 ट्रैक किलोमीटर 2×25 केवी प्रणाली के अंतर्गत आ गए हैं। वर्ष 2025-26 के लिए 396 ट्रैक किलोमीटर का लक्ष्य निर्धारित था, जिसे मंडल ने न केवल पूरा किया बल्कि 9 किलोमीटर अधिक की उपलब्धि भी हासिल की।
2×25 केवी प्रणाली पारंपरिक 25 केवी प्रणाली की तुलना में अधिक उन्नत है। इसमें ओवरहेड लाइन के साथ अतिरिक्त फीडर लाइन भी लगाई जाती है, जिससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होता है। यह प्रणाली विशेष रूप से उच्च गति रेल संचालन के लिए अनिवार्य मानी जाती है।
बता दें कि मिशन रफ्तार परियोजना के अंतर्गत इस रेलखंड पर 160 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से ट्रेन संचालन का लक्ष्य है। इसके पूरा होने पर कोटा से दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और यात्रियों का अनुभव और अधिक सुखद बनेगा।
उधर, राजस्थान के कोटा और मध्यप्रदेश के श्योपुर के बीच दशकों से लंबित नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का सपना अब जल्द साकार होगा। रेलवे ने दीगोद, इटावा व मांगरोल उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) को भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू करने के लिए पत्र लिखा है।
कोटा-श्योपुर-ग्वालियर रेलवे लाइन परियोजना में ग्वालियर से श्योपुर तक करीब 190 किमी लंबा नैरोगेज से ब्रॉडगेज करने का काम चल रहा है, जो 2018 में शुरू हुआ था। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
योजना के दूसरे भाग में कोटा से श्योपुर तक करीब 103 किमी नई ब्रॉडगेज रेल लाइन का निर्माण करना है, जिसका फाइनल सर्वे पूर्ण हो चुका है और डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है। कोटा से श्योपुर और आगे ग्वालियर तक कुल 284 किमी लंबे इस रेल मार्ग से राजस्थान और मध्यप्रदेश के तीन जिलों कोटा, श्योपुर और ग्वालियर के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।