
फोटो पत्रिका नेटवर्क
गंगापुरसिटी। जयपुर रोड पर थड़ी गांव के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं समेत एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों में नरगिस (23) पत्नी साजिद, अलवीर (1) पुत्र साजिद और बानो (60) पत्नी फकरूद्दीन निवासी काजी कॉलोनी गंगापुरसिटी शामिल हैं। घायल साजिद (25) पुत्र फकरूद्दीन को हल्की चोटें आईं। परिवार शादी समारोह में जा रहा था, तभी बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने से साजिद की जान बच गई, लेकिन उसकी मां, पत्नी और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सदर थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रुदन से माहौल गमगीन हो गया।
भीषण टक्कर में हेलमेट ने साजिद की जान बचाई। हादसे ने एक बार फिर साबित किया कि हेलमेट सड़क सुरक्षा का सबसे बड़ा कवच है।
हादसे में मां, पत्नी और पुत्र की मौत से साजिद और उसके पिता अकेले रह गए। परिजनों ने बताया कि साजिद अपने पिता का इकलौता बेटा है और उसकी भी एक ही संतान थी।
बता दें कि तेज गति की बसों से आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही है। विगत दिवस भी एक तेज गति की बस ने प्राइवेट बस स्टैण्ड के सामने एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी थी, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जयपुर रेफर किया गया।
यहां फव्वारा चौक पर भी एक रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। महिला पुष्पा 30 पत्नी मुकेश निवासी काजी कॉलोनी है। महिला को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। महिला ने बताया कि वह बाजार से सामान लेकर फव्वारा पर घर के लिए ऑटो में बैठने जा रही थी। इस बीच तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिसमें उसको चोंटें आई है।
Updated on:
06 Apr 2026 07:35 pm
Published on:
06 Apr 2026 07:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
