
सवाई माधोपुर. चौथकाबरवाड़ा कुएं में गिरी युवती। फोटो पत्रिका
Sawai Madhopur : सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा उपखंड क्षेत्र के भेडोली गांव में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। प्रियंका गुर्जर (18 वर्ष) पुत्री कैलाश गुर्जर गहरे कुएं में गिर गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। देर शाम तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। जानकारी के अनुसार प्रियंका गुर्जर खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गई थी।
प्यास लगने पर वह पास के कुएं पर पानी पीने पहुंची, जहां पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे तथा एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। कुएं की गहराई करीब 80 से 100 फुट होने और पानी अधिक होने के कारण तलाशी में कठिनाई आई।
ग्रामीणों ने मोटर चलाकर पानी बाहर निकालना शुरू किया, वहीं एसडीआरएफ टीम कुएं में उतरकर युवती की तलाश में जुटी रही। युवती के पिता ने बताया कि देर तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन की गई। खेत पर उसकी चप्पल और दुपट्टा कुएं के पास मिले, जिससे आशंका हुई कि वह कुएं में गिर गई है।
कई घंटों की तलाश के बाद देर रात युवती का पता चला। कुएं से पानी खाली कराया गया। जिसके बाद प्रियंका गुर्जर का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चौथ का बरवाड़ा सीएचसी की मोर्चरी पहुंचाया, जहां आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। इस सूचना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजन इस घटना के बाद मायूस हो गए।
रणथम्भौर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को हादसा हुआ। सोगरिया से आ रही ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से एक महिला अचानक नीचे गिर गई। हादसा सुबह करीब 11.30 बजे हुआ, जब ट्रेन स्टेशन के पास से गुजर रही थी। गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी स्थिति नाजुक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की रफ्तार तेज थी और महिला अचानक दरवाजे के पास से नीचे आ गिरी। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने तुरंत सूचना दी। करीब 12 बजे महिला को आगरा फोर्ट से रेलवे स्टेशन लाया और वहां से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सीमा पत्नी मनराज गुर्जर के रूप में हुई है।
Updated on:
18 May 2026 01:10 pm
Published on:
18 May 2026 01:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
