
गंगापुरसिटी। वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के खंडीप गांव में पांचना बांध का पानी नहरों में छोड़े जाने की मांग को लेकर चल रही महापंचायत में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों के वाहनों के कारण रेलवे फाटक का गेट नहीं लग पाया। इस दौरान खण्डीप रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को सिग्नल नहीं मिलने के कारण वह आउटर पर खड़ी हो गई। इस दौरान कई युवा-ग्रामीण ट्रैक व आसपास नाचने लगे और रील बनाने लगे। कई युवाओं ने सोशल मीडिया पर लाइव चला दिया।
यह वीडियो भी देखें
जैसे ही यह सूचना पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को मिली तो हड़कम्प मच गया। वायरल वीडियो से ट्रेन रोके जाने की अफवाह फैल गई। इस पर आनन-फानन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर कार्मिकों को भेजा और लोगों को वहां से हटाकर गेट बंद कराया। इसके बाद मालगाड़ी को निकाला गया। बता दें कि महापंचायत में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों रौंसी, भौंटवाड़ा, रानोली और कारवाड़ी सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
सवाई माधोपुर में महापंचायत स्थल पर पहुंचने के दौरान खंडीप रेलवे ट्रैक के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिससे रेलवे लाइन पार करने के दौरान लंबा जाम लग गया। इसी दौरान एक मालगाड़ी ट्रैक रुक गई। भीड़ और अवरोध को देखते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को समय रहते रोक दिया। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के रेलवे ट्रैक पार करने तक ट्रेन करीब 30 मिनट तक रुकी रही। बाद में स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को रवाना किया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली-मुंबई रेलवे मार्ग पर पीलोदा रेलवे स्टेशन फाटक के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर लोग जुट गए। रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। जीआरपी के अनुसार मृतक की पहचान हरिओम छीपी (50) पुत्र कैलाश छीपी निवासी वजीरपुर के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि हरिओम रोजगार की तलाश में बाहर गए थे। पीलोदा स्टेशन फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली से गंगापुर की तरफ आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए।