सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के गांव खंडीप में मंगलवार को 12वें दिन महस्वा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण धरना स्थल की ओर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक बार फिर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया।

सवाईमाधोपुर। जिले के गंगापुर सिटी में वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के गांव खंडीप में पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर चल रही किसान महापंचायत का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। मंगलवार को 12वें दिन महस्वा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण धरना स्थल की ओर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक बार फिर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण रेलवे पटरी पर बैठ गए और सामूहिक रूप से पंगत लगाकर भोजन किया। कई युवाओं ने किसान एकता के समर्थन में नारेबाजी की तथा कुछ युवा रेलवे पटरी पर लेटकर विरोध जताते नजर आए।
मौके पर पुलिस एवं प्रशासन पहले से तैनात था, लेकिन ग्रामीणों ने फाटक बंद नहीं होने दिया और ट्रैक पर प्रदर्शन जारी रखा। करीब एक घंटे तक रेलवे ट्रैक बाधित रहने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उन्हें समझाइश दी।
इसके बाद ग्रामीण ट्रैक से हटकर पुनः किसान महापंचायत के धरना स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं आई। बाद में दोपहर करीब 3:15 बजे ट्रेन के आगमन से पूर्व फाटक बंद कर रेलवे यातायात सुचारु कराया गया और ट्रेन को बिना रुके निकाला गया।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन अभी तक नहरों में सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़ा गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद नहरों में पानी नहीं खोला जा रहा, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पांचना बांध से नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों ने राज्य सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं किसान महापंचायत का धरना लगातार 12 दिन भी जारी है और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसानों का समर्थन बढ़ता जा रहा है।
बता दें कि सोमवार को किसानों और ग्रामीणों ने खण्डीप रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा तथा अवध एक्सप्रेस को बीच मार्ग में रोकना पड़ा था। गौरतलब है कि पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर खंडीप में किसानों का धरना कई दिनों से जारी है। प्रतिदिन नए गांवों के लोग आंदोलन से जुड़ रहे हैं, जिससे इसका दायरा लगातार विस्तार ले रहा है।