सवाई माधोपुर

Rajasthan: कमरे में छात्रा का फंदे से झूलता मिला शव, पलंग पर टिका था पैर, पिता ने बेटी का शव लेने से किया इनकार

राजस्थान के गंगापुर सिटी में रीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा का शव किराए के कमरे में फंदे से झूलता मिला है। परिजनों ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है और शव को लेने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।

2 min read
रीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा शिवानी मीणा (फोटो-पत्रिका)

सवाईमाधोपुर। गंगापुर सिटी में रीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हालांकि, पोस्टमॉर्टम से पहले ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव लेने से इनकार कर दिया।

मृतक छात्रा की पहचान शिवानी मीणा के रूप में हुई है, जो करौली जिले के सपोटरा तहसील के गांवदा की रहने वाली थी। वह अग्रसेन कॉलोनी स्थित एक मकान के ऊपरी हिस्से में किराये के कमरे में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शिवानी के पिता हंसराज मीणा ने उदेई मोड़ थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

इस तरह से दिखा छात्रा का शव

रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार शाम शिवानी के एक परिचित राजेश मीणा ने उसके पिता को उसकी मौत की जानकारी दी थी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि शिवानी का एक पैर पलंग पर और दूसरा जमीन को छू रहा था, जिससे आत्महत्या की संभावना पर संदेह खड़ा हुआ।

लोगों ने हत्या का उठाया सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और हत्या या आत्महत्या को लेकर चर्चाएं होने लगीं। इस बीच, पुलिस अधिकारी राजवीर सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कमरे की तलाशी लेकर मोबाइल व अन्य सामग्री जब्त कर ली।

पिता ने शव लेने से किया मना

शनिवार को पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम की तैयारी की, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, वे शव को नहीं लेंगे।

पुलिस मोबाइल डेटा के आधार पर कर रही जांच

फिलहाल शव गंगापुर सिटी के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, मगर परिजनों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है। मोबाइल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना की गहन जांच जारी है।

Updated on:
28 Jun 2025 04:08 pm
Published on:
28 Jun 2025 03:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर