सवाई माधोपुर

शराब के नशे में गा रहा था गाना…टोकने पर की थी युवक की हत्या, एटीएम कार्ड से हुआ खुलासा

Sawai Madhopur News : चौथकाबरवाड़ा कस्बे में स्थित रेलवे स्टेशन पर बुधवार को हुए एक युवक की हत्या के मामले का जीआरपी ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।

2 min read

Sawai Madhopur News : चौथकाबरवाड़ा कस्बे में स्थित रेलवे स्टेशन पर बुधवार को हुए एक युवक की हत्या के मामले का जीआरपी ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी जमना शंकर (32) पुत्र कन्हैया लाल माली निवासी हरिओम नगर कच्ची बस्ती कोटा थाना महावीर नगर है। जीआरपी को मिले एटीएम कार्ड की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गाना गाने के मामले को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ा कि अज्ञात युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। उल्लेखनीय की मृतक युवक की अभी तक कोई पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने मृतक युवक का शव सवाईमाधोपुर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।

ऐसे दिया घटना को अंजाम

जीआरपी थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी लगातार पुलिस को भ्रमित कर रहा था। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि सुबह वह जयपुर से चौथकाबरवाड़ा पहुंचा। यहां स्टेशन के पास बनी केशव बस्ती से उसने शराब पी तथा स्टेशन पर जाकर गाना गाने लगा। इस दौरान वहां बैठे युवक को उसका गाना पसंद नहीं आया तथा उससे गाना नहीं गाने को कहा। इस दौरान दोनों में आपस में झगड़ा हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद चौथकाबरवाड़ा निवासी राजेश ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। दोनों अलग हो गए। वहीं आरोपी युवक ने आधे घंटे के बाद फिर रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर युवक पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

ऐसे आया आरोपी पकड़ में

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद घटनास्थल को फ्रिज कर गहनता से निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही चश्मदीद गवाह से पूछताछ करने पर आरोपी के हाड़ौती की तरफ जाने की जानकारी मिली। इसके बाद घटनास्थल के पास एक संदिग्ध बैग मिला। इसमें एक बैंक का एटीएम कार्ड मिला। ऐसे में बैंक से मोबाइल नंबर लेकर लोकेशन निकलवाई। इसमें आरोपी की लोकेशन कोटा की तरफ निकली। इस दौरान जीआरपी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर एक टीम गठित कर उसे रवाना किया।

नहीं हुई मृतक युवक की शिनाख्त

जीआरपी ने आरोपी को तो पकड़ लिया है, लेकिन अभी तक उसके पास से घटना में काम लिया हथियार बरामद नहीं हो सका है। आरोपी के पास पहले से ही चाकू था। ऐसे में उसने उसी चाकू से अज्ञात युवक की हत्या की। वहीं अभी तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हुई है। जीआरपी पुलिस मृतक की शिनाख्त के कार्य में जुटी है।

Published on:
20 Sept 2024 03:57 pm
Also Read
View All

अगली खबर