सवाई माधोपुर

सवाई माधोपुर: बजरी माफिया की खुलेआम चुनौती, ट्रैक्टर पर स्टंट का वीडियो वायरल

Viral Video: राजस्थान में बजरी माफिया न केवल नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंटबाजी के वीडियो डालकर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है।

2 min read
sawai madhopur
ट्रैक्टर पर स्टंट करता बजरी माफिया (फोटो-सोशल मीडिया)

सवाई माधोपुर। जिले में सोशल मीडिया पर एक खतरनाक स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक युवक चलते ट्रैक्टर पर खड़े होकर जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह स्टंट न सिर्फ उसकी खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी जोखिम में डाल रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो दौसा जिले में शूट किया गया बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो में दिखाई दे रहा युवक सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र की सांचोली ग्राम पंचायत के चांदा की झोपड़ी इलाके का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान गौरव उर्फ गोलू पुत्र पप्पू लाल मीणा के रूप में हुई है।

यहां देखें वीडियो :

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

यह कोई पहला मामला नहीं है जब यह युवक सुर्खियों में आया हो। इससे पहले भी उसके खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। अवैध बजरी परिवहन के एक मामले में उसका ट्रैक्टर बौंली थाने में जब्त किया जा चुका है। इसके बावजूद इस तरह के खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वीडियो डालना प्रशासन को खुली चुनौती देने जैसा माना जा रहा है।

लोगों में नाराजगी

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी युवाओं में गलत संदेश देती है और हादसों को न्योता देती है। खासकर जब ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते हैं, तो अन्य युवक भी इन्हें कॉपी करने की कोशिश करते हैं, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है।

खतरनाक ट्रेंड

विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध बजरी खनन और परिवहन में शामिल कुछ लोग अब सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी दबंगई दिखाने के लिए कर रहे हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो यह ट्रेंड और खतरनाक रूप ले सकता है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।