सवाई माधोपुर

Rajasthan: त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर दिखा टाइगर मलंग, पर्यटकों में मची हलचल

Sawai Madohpur news: रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बुधवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब अचानक एक टाइगर सड़क पर आ गया। टाइगर को देखते ही दोनों ओर से आ रहे वाहन जहां के तहां रुक गए।
less than 1 minute read
Feature image
सवाईमाधोपुर.त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर विचरण करता बाघ: फोटो पत्रिका नेटवर्क

सवाईमाधोपुर। रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बुधवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब अचानक एक टाइगर सड़क पर आ गया। टाइगर को देखते ही दोनों ओर से आ रहे वाहन जहां के तहां रुक गए और सड़क पर करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। हर बुधवार को रणथंभौर टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए बंद रहता है। ऐसे में उस दिन अधिकांश लोग त्रिनेत्र गणेश मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान आड़ा बालाजी से मिश्र दर्रा गेट की ओर टाइगर आरबीटी-2511 ‘मलंग’ सड़क पर टहलता हुआ नजर आया।

घबराए पर्यटक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टाइगर कुछ देर तक सड़क पर आराम से टहलता रहा। इस दौरान उसने एक कार की ओर भी कदम बढ़ाए, जिससे वाहन में बैठे पर्यटक घबरा गए और कई वाहन चालकों ने गाड़ियां पीछे कर लीं। हालांकि टाइगर ने किसी पर हमला नहीं किया और शांतिपूर्वक इधर-उधर घूमता रहा।

वन विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद टाइगर स्वयं ही वापस जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया। वन विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इस मार्ग पर टाइगर की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। ऐसे में मंदिर मार्ग से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Updated on:
05 Mar 2026 07:44 pm
Published on:
05 Mar 2026 07:44 pm