
भगवतगढ़. ईटावा बालाजी गांव में गुरुवार को एक किशोर के अपरहण की सूचना से हड़कं प मच गया। गुस्साए लोगों ने सुबह करीब आठ बजे सवाईमाधोपुर-चौथ का बरवाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस व पुलिस उपाधीक्षक(शहर) दिनेश मीणा, उपखण्ड अधिकारी रघुनाथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेते हुए किशोर को जल्द ही ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से जाम खोलकर मार्ग को सुचारू करने को लेकर समझाइश की। बाद में किशोर के मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। वहीं मामले में चौथ का बरवाड़ा पुलिस ने सड़क पर जाम लगाने के लिए कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमे दर्ज किए हैं।
यह था मामला
किशोर के परिजनों के अनुसार गुरु वार तड़के करीब तीन बजे लघुशंका करने के लिए किशोर घर से बाहर आया। इस दौरान उसे सड़क पर दो व्यक्ति व एक महिला मिली। तीनों लोगों ने किशोर से ईटावा बालाजी मंदिर जाने का रास्ता पूछा। इस पर किशोर ने इशारे से उन्हें मंदिर का मार्ग बता दिया। ऐसे में उक्त तीनों लोगों ने किशोर से मंदिर तक साथ चलने को कहा। किशोर के मना करने पर तीनों किशोर को जबरन साथ ले गए।
धर्मशाला में लाए
परिजनों ने बताया कि तीनो किशोर को बालाजी धर्मशाला में लेकर पहुंचे। वहां पर किशोर के इंजेक्शन लगाकर उसे बेहोश करने का प्रयास किया। इसी बीच किशोर उनके चंगुल से निकलकर भाग गया और अपने घर के पास बने एक खण्डहर में छिप गया। इसी बीच लगातार किशोर को खोज रहे ग्रामीणों को खण्डहर से किशोर बरामद हुआ। जिसे ग्रामीणों ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद किशोर को पुलिस परिजनों के साथ मेडिकल के लिए सीएचसी चौथ का बरवाड़ा ले गई। वहां किशोर का मेडिकल कराया गया।
इनका कहना है....
किशोर का मेडिकल कराकर परिजनों के सुपुर्द किया है। इस संबंध में किशोर के पिता ने अपरहण का मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
- जगदीश भारद्वाज, थानाधिकारी, चौथ का बारवाड़ा।