
Sawai Madhopur News : करंट से मृतक युवक इमरान व गंभीर रूप से घायल गुलिस्ता। फोटो पत्रिका
Sawai Madhopur News : सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के पीलवा नदी गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से आस-पास के घरों में अचानक 11 हजार केवी विद्युत लाइन का करंट दौड़ गया। हादसे में 29 वर्षीय युवक इमरान पुत्र यूसुफ की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला गुलिस्ता पत्नी सद्दाम (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन इमरान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मलारना डूंगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गर्भवती महिला गुलिस्ता को प्राथमिक उपचार के बाद सवाई माधोपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इमरान खान की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने 3 घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता खल्लाक खान ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही और नीचे लटक रहे विद्युत केबलों के कारण लंबे समय से हादसे का खतरा बना हुआ था, जिसकी शिकायतें भी की गई थीं। उनका कहना था कि इसी लापरवाही के चलते यह दुखद घटना हुई।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने प्रशासन के समक्ष 4 प्रमुख मांगें रखीं
1- मृतक के परिवार को ₹50 लाख का मुआवजा दिया जाए।
2- मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी तथा बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
3- घायल गर्भवती महिला को मुआवजा दिया जाए और उसके उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करे।
4- घटना के लिए जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाए। तहसीलदार रामजीलाल मीना,सहायक अभियंता ब्रजराज मीना की समझाइश लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता ब्रजराज मीणा ने मृतक के परिजनों को विभाग की ओर से ₹5 लाख की सहायता राशि देने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन धरना समाप्त करने पर सहमत हुए। सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार रामजीलाल मीणा, बिजली विभाग के सहायक अभियंता ब्रजराज मीणा, कनिष्ठ अभियंता कमलेश मीणा, राजकुमार मीणा तथा बाटौदा थाना प्रभारी भोजाराम स्थानीय थाना पुलिस एएसआई जयसिंह, थानसिंह, लखनलाल जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
Updated on:
27 Jul 2026 04:56 pm
Published on:
27 Jul 2026 04:53 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
