विज्ञान और टेक्नोलॉजी

वैज्ञानिकों ने खोज निकाली एक नई मानव प्रजाति, दांत और हड्डियां हमसे हैं बिलकुल अलग लेकिन…

फिलीपींस की एक गुफा में नई मानव प्रजाति के पाए गए अवशेष इस प्रजाति के संबंधी जुड़े हो सकते हैं अफ्रीका से जानकारों ने इसे बताया असाधारण खोज
2 min read
Apr 12, 2019
new species of ancient human discovered in a cave in the philippines
वैज्ञानिकों ने खोज निकाली एक नई मानव प्रजाति, दांत और हड्डियां हमसे हैं बिलकुल अलग लेकिन...

नई दिल्ली। हाल ही में कुछ शोधकर्ताओं को मानव के अस्तित्‍व को लेकर एक बड़ी सफलता मिली है। फिलीपींस ( Philippines ) की एक गुफा में मानव की नई प्रजाति के अवशेष पाए गए हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अवशेष मानव की किसी विलुप्त प्रजाति के हैं। इस प्रजाति पर शोध करने के बाद पता चला है कि यह करीब 50 हज़ार साल पुरानी हो सकती है। लुजोन आइलैंड ( Luzon ) में मिली इस प्रजाति का नाम होमो लुजॉनेनसिस रखा गया है। वैज्ञानिक इसे आज की मानव प्रजाति का दूर का रिश्तेदार बता रहे हैं। माना जा रहा है कि प्राचीन मानव के ये संबंधी अफ्रीका ( Africa ) से जुड़े हो सकते हैं जो बाद में दक्षिण पूर्व एशिया में आ कर बस गए होंगे।

बता दें कि इस शोध को फ्रांस, फ‍िलीपींस और ऑस्‍ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने मिलकर किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मानव की इस प्रजाति को वैज्ञानिकों ने कैलाव गुफा ( Callao Cave ) से बरामद किया है। कनाडा की लेकटेड यूनिवर्सिटी के मानव शास्‍त्र विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर मैथ्‍यू टोचेरी कहते हैं, 'यह खोज वाकई असाधारण है। बिना किसी शक के आने वाले हफ्तों या महीनों में यह खोज वैज्ञानिकों के बीच नई बहस छेड़ देगी।'

2007 में कालो केव में करीब 67 हजार साल पुरानी एक हड्डी बरामद हुई थी। जिसके बाद वैज्ञानिकों को इस गुफा में दिलचस्पी हुई और यहां खोज शुरू हो गई। 67 हजार साल पुरानी हड्डी को बरामद करने के बाद वैज्ञानिक उस हड्डी को मानव प्रजाति से जोड़ नहीं पा रहे थे। लेकिन कुछ दिनों पहले जब उन्हें गुफा से दांत और पांच अलग-अलग तरह की हड्डियां बरामद हुईं तब मानव की एक नई प्रजाति का मामला सामने आया। गुफा से बरामद दांत किसी भी प्रजाति के जानवर से नहीं मिलते। जिसके बाद इसे मानव की ही नई प्रजाति बताया जा रहा है।

Published on:
12 Apr 2019 09:58 am