सीहोर

Sehore News: कुबेरेश्वर धाम में महिला श्रद्धालु की मौत, महाराष्ट्र की रहने वाली थी, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल

Kubereshwar Dham Woman Death: कुबेरेश्वर धाम परिसर में आराम करते समय महिला के सीने में उठा तेज दर्द, अस्पताल ले जाने से पहले मौत, शव लेकर गृह नगर रवाना हुए परिजन।
2 min read
Aug 23, 2026
Kubereshwar Dham Woman Death
kubereshwar dham woman devotee death, अस्पताल के बाहर शव को एंबुलेंस में रखते परिजन (source-patrika)

Sehore Kubereshwar Dham Woman Death: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में स्थित कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में इन दिनों बड़ी संख्या में देशभर से भक्त पहुंच रहे हैं। इसी बीच रविवार को कुबेरेश्वर धाम से एक दुखद खबर सामने आई है, धाम में दर्शन करने के लिए आई एक महिला भक्त की सीने में दर्द उठने के बाद कुबेरेश्वर धाम परिसर में ही मौत हो गई। महिला महाराष्ट्र के नागपुर जिले की रहने वाली थी, जो अपने परिजनों के साथ कुबेरेश्वर धाम में दर्शन करने के लिए आई थी। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कुबेरेश्वर धाम में महिला की मौत

मृतक महिला की पहचान कौशल बाई कवड़े के रुप में हुई है, इनकी उम्र 70-72 साल बताई गई है। जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के नागपुर के पास की रहने वाली कौशल बाई कवड़े अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कुबेरेश्वर धाम में दर्शन करने के लिए आई थीं। रविवार को वो धाम परिसर में ही आराम कर रहीं थीं तभी उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा और परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले ही कौशल बाई की सांसें थम गईं।

शव लेकर महाराष्ट्र रवाना हुए परिजन

कौशल बाई की अचानक मौत से साथ में आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी लगते ही कुबरेश्वर धाम की एंबुलेंस से शव को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्रशासन द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं और फिर उसके बाद परिजन रोते हुए शव को अपने साथ एंबुलेंस से गृह नगर लेकर रवाना हो गए। घटना ने एक बार फिर कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर चिंता पैदा की है।

कांवड़ यात्रा में पहुंची भक्तों की भीड़

बता दें कि कुबेरेश्वर धाम में 23 अगस्त से पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा की शुरुआत हुई, इस कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में भक्त शामिल हुए। सीवन घाट से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं और 23 से 25 अगस्त तक इंदौर-भोपाल हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष वितरण भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

Updated on:
23 Aug 2026 08:33 pm
Published on:
23 Aug 2026 08:33 pm