
newly married woman suspicious death found dead, मृतका माधवी सिंह की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-patrika)
Bhopal Newly Married Woman Found Dead: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। नवविवाहिता का शव उसके घर के कमरे में मिला है, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता के परिजन ने दामाद पर प्रताड़ित करने व हत्या करने का आरोप लगाए हैं।
26 साल की नवविवाहिता माधवी सिंह की शादी करीब दो साल पहले परिवारवालों की मर्जी से शुभम सिंह के साथ हुई थी। माधवी मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और शादी के बाद से पति शुभम के साथ भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शिवनगर में किराए के मकान में रह रही थी। शुभम रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान लगाता है। घटना के वक्त पति शुभम घर भी घर पर मौजूद था।
रविवार की सुबह जब काफी देर तक नवविवाहिता माधवी घर से बाहर नहीं आई तो मकान मालकिन को संदेह हुआ। मकान मालकिन घर के अंदर पहुंची तो माधवी का शव नजर आया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस पति शुभम और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
मृतका माधवी के परिजन ने पति शुभम सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शुभम माधवी के साथ आए दिन मारपीट करता था और उस पर शक भी करता था। परिजनों का आरोप है कि माधवी के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और पति शुभम ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
Updated on:
23 Aug 2026 05:21 pm
Published on:
23 Aug 2026 05:12 pm
