सीहोर

Sehore News: भाजपा नेता का निधन, कुछ दिन पहले ट्रेन हादसे में हुई थी पत्नी की मौत

Sehore News: भाजपा के पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी सीहोर जिले के कद्दावर नेता माने जाते थे और भाजपा के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कुछ समय पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो गया था।

2 min read
Jun 18, 2024

Sehore News: मध्यप्रदेश (madhya pradesh) भाजपा के दिग्गज नेता एवं सीहोर के पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी का निधन हो गया। वे 75 साल के थे। त्यागी के निधन से भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मदनलाल त्यागी (madan lal tyagi) सीहोर जिले के कद्दावर नेता माने जाते थे और भाजपा के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कुछ समय पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो गया था।

सीहोर जिले के कद्दावर नेता पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी का निधन हो गया। सीहोर के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मदनलाल त्यागी 1990 में पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे और विधायक बन गए थे। पिछले कुछ समय से वे लंबी बीमारी से जूझ रहे थे। सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। दिसंबर 2023 में तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान मदनलाल त्यागी के हालचाल पूछने सीहोर पहुंचे थे।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही मदनलाल त्यागी की धर्मपत्नी विद्यादेवी त्यागी का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। सुबह-सुबह घर से टहलने निकली विद्यादेवी ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इसके बाद उनकी मौत हो गई।

शिवराज सिंह चौहान भी दुखी

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (shivraj singh chauhan) ने मदनलाल त्यागी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। चौहान ने अपने एक्स पर मदनलाल त्यागी का फोटो शेयर कर लिखा है कि वरिष्ठ भाजपा नेता, सीहोर के पूर्व विधायक श्री मदन लाल त्यागी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। राजनीतिक जीवन में एक बेहतरीन मार्गदर्शक के रूप में उनका आशीर्वाद मुझे मिला है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

सीएम मोहन यादव ने की प्रार्थना

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव (dr mohan yadav) ने एक्स पर लिखे संदेश में कहा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सीहोर के पूर्व विधायक श्री मदनलाल त्यागी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके चरणों में विनम्र श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शान्ति दें एवं शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें।

वीडी शर्मा ने दुख व्यक्त किया

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा (vd sharma) ने भी अपने एक्स संदेश में दुख व्यक्त किया है। वीडी ने लिखा है कि सीहोर से पूर्व विधायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्री मदनलाल त्यागी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोकमय परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

Also Read
View All

अगली खबर