सिवनी

दो जिलों के पुलिस को छका रहा प्रधान आरक्षक, डेढ़ माह से चल रहा फरार

घर पर तीन नोटिस भी दे चुकी है पुलिस

2 min read
Dec 07, 2025

सिवनी. बालाघाट कोतवाली थाना के मालखाना से रुपए और जेवरात चोरी होने एवं सिवनी में शासकीय कार्य में बांधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार आरोपी प्रधान आरक्षक योगेश राजपूत डेढ़ माह बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पुलिस लगातार आरोपी प्रधान आरक्षक के घर दबिश दे रही है। तीन बार घर नोटिस देकर आरोपी को जल्द से जल्द उपस्थित होने को कहा जा चुका है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने तहसीलदार से आरोपी के संपत्ति की जानकारी भी मांगी है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस न्यायालय के समक्ष आवेदन लगाएगी। इसमें न्यायालय को अब तक हुए प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। जिसमें पुलिस बताएगी कि आरोपी की गिरफ्तारी के सभी प्रयास किए जा चुके हैं और ईनाम की घोषणा भी की गई है। पंचनामा भी तैयार कर लिया गया है और नोटिस तामिल भी किया जा चुका है। इसके बावजूद भी आरोपी प्रधान आरक्षक पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहा है और वह अपनी गिरफ्तारी पुलिस से छुपाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में कुर्की की कार्रवाई की जाए। हालांकि न्यायालय भी आरोपी को मौका देगी और वारंट जारी कर 15 दिन में उपस्थित होने को कहा जाएगा। इसके बावजूद भी आरोपी उपस्थित नहीं होता है तो न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

10 हजार का ईनाम घोषित
बालाघाट एवं सिवनी पुलिस ने आरोपी प्रधान आरक्षक पर पांच-पांच हजार का ईनाम घोषित कर रखा है। 19 अक्टूबर से आरोपी प्रधान आरक्षक फरार चल रहा है। उसने सिवनी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी। जिसकी सुनवाई करते हुए कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हालांकि आरोपी की धरपकड़ के लिए सिवनी, बालाघाट की पुलिस जगह-जगह तलाश कर रही है।

55 लाख रुपए एवं जेवरात हुए थे चोरी
बता दें कि बालाघाट कोतवाली के मालखाना से 55.13 लाख रुपए और जेवरात चोरी होने के मामले में भैरोगंज निवासी प्रधान आरक्षक योगेश राजपूत पर भी शामिल होने के आरोप लगे हैं। पुलिस पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपियों ने उसका नाम उजागर किया था। बालाघाट पुलिस उसके घर बीते 18 अक्टूबर को नोटिस देने देर रात सिवनी पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान योगेश ने अपने भाई ब्रजेश सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिस से धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में बालाघाट पुलिस ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया। जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि इस मामले में अभी भी कई आरोपी फरार चल रहे हैं।

घर पर पत्र लिखकर हुआ लापता
प्रधान आरक्षक 19 अक्टूबर से घर से लापता है। परिजनों ने इस संबंध में एक शिकायत भी कोतवाली में दी थी। आरोपी प्रधान आरक्षक ने घर छोडऩे से पहले एक पत्र भी लिखा था। जिसमें उसने एक पुलिस अधिकारी एवं एक शराब कारोबारी पर गंभीर आरोप भी लगाया था।

अन्य आरोपियों के संपत्ति की भी होगी कुर्की
मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों के घर भी नोटिस देने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पहले मुख्य आरोपी प्रधान आरक्षक की संपत्ति कुर्क होगी। बता दें कि इस मामले में एक अन्य आरोपी नरेन्द्र गुड्डू ठाकुर पर भी सिवनी पुलिस ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

Published on:
07 Dec 2025 02:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर