Suryakumar Yadav visited seoni: भारतीय टी20 फॉर्मेट के कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव मध्य प्रदेश के बाघ को देखने सिवनी स्थित पेंच टाइगर रिजर्व पहुंचे।
Suryakumar Yadav visited seoni: भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 फॉर्मेट के कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव शनिवार को मध्य प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व (Pench Tiger Reserve) में सफारी का लुत्फ उठाने पहुंचे। यहां उन्होंने एमपी के टाइगर का दीदार किया। उन्होंने अपने फैन्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। वहीं, वन विभाग ने उन्हें कैप भी गिफ्ट किया। बता दें कि, सूर्यकुमार यादव के सिवनी आने की खबर न ही प्रशासन को थी और न ही पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन को। वे शनिवार सुबह टाइगर रिजर्व में अपने कुछ साथियों के साथ सफारी करने पहुंचे।
भारतीय कप्तान को कोई पहचान न सके इसलिए, उन्होंने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। हालांकि, जब वह सफारी करके वापस लौट रहे थे तो कुछ लोगों ने पहचान लिया और फिर उनके साथ सेल्फी लेने की जिद करने लगे। सूर्यकुमार यादव ने अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया और सेल्फी खिंचवाई। इसके बाद वे सड़क मार्ग से नागपुर की तरफ रवाना हो गए।
बताया जाता है कि, सूर्यकुमार यादव शुक्रवार शाम को ही सिवनी आ गए थे। यहां वह एक रिसॉर्ट में रुके हुए थे। लोगों ने उनका वीडियो भी बनाना चाहा लेकिन उनके साथियों ने मना कर दिया। इस तरह, पेंच टाइगर रिजर्व एक बार फिर सेलिब्रिटीज के आकर्षण का केंद्र बना। अब देखना होगा कि अगला कौन-सा बड़ा नाम यहां सफारी का आनंद लेने पहुंचता है। बता दें कि, पेंच टाइगर रिजर्व में सूर्या से पहले क्रिकेट भगवान माने जाने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर भी आ चुके हैं। वह साल 2023 में यहां आए थे।