खेत में लहलहा रहे फसल...
मंडला- आधुनिक तकनीकों के सहारे की जा रही खेती किसानों के लिए कितनी लाभदायक हो सकती है। यह जाना बम्हनी बंजर के किसान लक्ष्मण कुमार हरदहा ने। ज्यादातर किसानों द्वारा हाड़तोड़ मेहनत किए जाने के बावजूद जब उन्हें लागत के अनुरूप लाभ नहीं मिल पाता तो उनके घरों के चूल्हे बुझने की कगार पर आ जाते हैं। लेकिन बम्हनी बंजर के वार्ड क्रमांक 7 के निवासी लक्ष्मण पिता मंगल प्रसाद हरदहा ने कृषि की आधुनिक पद्धतियों का उपयोग अपने खेतों में किया और लगभग डेढ़ गुना तक मुनाफा कमाया।
लक्ष्मण का कहना है कि आत्मा अंतर्गत वर्ष 2016-17 में कृषि विभाग से मोहन डहेरिया एवं आत्मा कृषि विभाग से रायसिंह सौलंकी जीबीटीएम आत्मा नैनपुर के संपर्क में आया और इंटरनेट में कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी ली। इसके साथ ही वे विकासखण्ड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं भ्रमण में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने लगे। इसके बाद से कृषि तकनीकों को अपने खेतों पर थोड़े-थोड़े हिस्सों में लेना शुरु किया।
इससे उत्पादन में वृद्धि होने लगी। लक्ष्मण का कहना है कि कृषि तकनीकों को अपनाने से लगाई गयी लागत से मुनाफा डेढ़ गुना तक बढ़ा। इसके बाद एक एकड़ में ड्रिप ऐरीगेशन सिस्टम से खेती करना शुरु किया। इसमें कृषि विभाग के माध्यम से ड्रिप लगवाने के लिए ऑनलाईन आवेदन किया। ड्रिप ऐरीगेशन सिस्टम के उपयोग से एक एकड़ खेत में बैंगन, टमाटर एवं मिर्च लगाया गया जिसमें साल भर में लगभग 1 लाख 25 हजार रूपये का मुनाफा भी हुआ। अब लाभार्थी वर्तमान में कृषि और कृषक मित्र के तौर पर काम कर रहा है।
---------------------------------------
पेंशन प्रकरण निराकरण के लिए शिविर
मंडला- प्रमुख सचिव वित्त एवं आयुक्त कोष एवं लेखा द्वारा जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, समाधान ऑनलाईन में न्यायालयीन प्रकरण, विभागीय जॉच, लोकायुक्त प्रकरण, अनुपस्थिति अवधि, जन्म तिथि मान्यता, शासन स्तर के लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की जाएंगी। जिसके परिपालन में जिला पेंशन कार्यालय में 10 और 11 जनवरी को दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है। ताकि पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया जा सके। जिला पेंशन अधिकारी अनामिका उपाध्याय ने बताया कि उक्त तिथि के अंदर लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए व्यक्तिगत रूचि लेकर पेंशनधारी संबंधित शाखा लिपिक के साथ जिला पेंशन कार्यालय में उपस्थित होने और लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।