MP News : ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हारे पिता ने बेटी और पत्नी को जहर पिलाया और खुद भी पी लिया। इस घटनाक्रम में पति-पत्नी की मौत हो गई है, जबकि बेटी की हालत गंभीर है।
MP News :मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाला सामने आया है। यहां एक शख्स को ऑनलाइन गेम की ऐसी लत लगी, जिसके चलते वो लाखों रुपए हार गया। गेम में खुद की कमाई तो गई ही ऊपर से लाखों रुपए कर्ज भी चढ़ गया। देखते ही देखते परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होती चली गई। आखिरकार आर्थिक तंगी और कर्ज के बढ़ते दबाव के चलते वो मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। आखिरकार इस तनाव से मुक्ति का जो खौफनाक अंत उसके दिमाग में आया, वो रौंगटे खड़े करने वाला था।
शख्स ने अपने ही परिवार को खत्म करने की ठान ली। उसने पत्नी और बेटी को जहर मिली कोल्डड्रिंक मिलाकर पिला दी और बाद में खुद भी जहर खा लिया। अब इस मामले में पिता और बेटी की मौत हो गई है, जबकि पत्नी बेहद गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये सनसनीखेज मामला शहडोल कोतवाली थाना इलाके का है। मृतकों के नाम 40 वर्षीय शंकर गुप्ता और 16 वर्षीय स्वाति गुप्ता हैं। पुरानी बस्ती में सत्यम वीडियो के पास रहने वाले शंकर को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। बताया जा रहा है कि, वो इस गेम में बड़ी रकम हार गया था। उस रकम को दोबारा जीतने के लिए उसने और कर्ज लेकर गेम में लगा दिया। लेकिन, हार लगातार बढ़ती गई। आखिरकार लाखों रुपये गंवाने के बाद और कर्ज के दबाव के चलते शंकर मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगा।
शंकर ने मंगलवार रात आत्मघाती कदम उठाया। उसने 36 वर्षीय पत्नी राजकुमारी गुप्ता और बेटी स्वाति को कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। साथ ही, खुद भी जहर खा लिया। कुछ ही देर में तीनों की हालत बिगड़ गई। उनके चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देते ही पड़ोसी जुटने लगे। उन्होंने फौरन तीनों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान स्वाति की मौत हो गई। वहीं, बुधवार शाम शंकर ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी का इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के समय उनका बेटा घर पर मौजूद नहीं था, जिसके चलते वो सुरक्षित है।
मामले को लेकर उप-निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि, जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शंकर गुप्ता के ऑनलाइन गेम में भारी आर्थिक नुकसान की बात सामने आई है। वो ऑनलाइन गेम में काफी पैसे हार गया था। उसपर कर्ज काफी हो गया था। इसी के चलते उसने ये आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल, पुलिस गहन जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें