सत्ताधारी नेताओं को नहीं दिया गया निमंत्रण, प्रशासन पर उठ रहे सवाल, नेता उपेक्षा से नाराज
शहडोल. स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शुक्रवार को गांधी स्टेडियम में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम आयोजित किया गया। इसमें हजारों लोग पहुंचे लेकिन प्रशासन ने भाजपा के कई बड़े नेताओं को बुलाया ही नहीं गया। इससे विवाद बढ़ गया है। भाजपा नेता अपनी उपेक्षा से नाराज हैं, वहीं प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूर्य नमस्कार में कमिश्नर रजनीश श्रीवास्तव, विधायक जयसिंहनगर प्रमिला सिंह, आईजी आईपी कुलश्रेष्ठ, कलेक्टर नरेश पाल, डीआईजी आरके अरूशिया, नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे, सीईओ जिला पंचायत एसकृष्ण चैतन्य, उपाध्यक्ष जिपं पूर्णिमा तिवारी, एएसपी शिवकुमार वर्मा, एडीएम सरोधन सिंह सहित हजारों छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने सूर्य नमस्कार किया। वहीं प्राणायाम के अंतर्गत अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का योग शिक्षकों ने कराया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में स्वामी विवेकानंद के अमरीका में दिये गये व्याख्यान का भी प्रसारण किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का प्रसारण किया गया।
मीडिया से परहेज : स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मीडिया को भी नजरअंदाज किया गया। प्रदेश भर में हुए इतने बड़े कार्यक्रम के कवरेज के लिए कोई विधिवत सूचना दी गई। सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन के समय को लेकर बदलाव होने की सूचना सोशल मीडिया ग्रुप में चलने से भ्रम की स्थिति बनी।
छात्रों ने रखा मध्य प्रदेश गान का मान
स्टेडियम में आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्र गान के प्रसारण के समय सभी ने खड़े होकर इसका मान किया। इसके ठीक बाद मध्य प्रदेश गान का प्रसारण किया गया। जिसमें न तो जन प्रतिनिधि खड़े हुए और न ही कोई अधिकारी। इस बीच कार्यक्रम में शिरकत करने आए छात्रों ने मध्य प्रदेश गान का मान रखा। एक-एक करके आधे से अधिक छात्रों ने मध्य प्रदेश गान के प्रसारण के समय पर खड़े होकर उसका सम्मान किया।
किया गया सम्मानित
समारोह में कश्मिनर शहडोल संभाग रजनीश श्रीवास्तव द्वारा शहडोल जिले में योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग शिक्षक नीलेश कुमार शुक्ला, सूर्य प्रकाश तिवारी, शिक्षिका नीलिमा शर्मा, शिक्षिका मीनाक्षी तिवारी, शिक्षक रीतेश मिश्रा, शिक्षक राजेंद्र शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कई लोगों को न बुलाने पर उठ रहे सवाल
कार्यक्रम में कई नेताओं की उपेक्षा की गई। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जगवानी, भाजयुमो अध्यक्ष अजय सिंह बघेल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुपम अनुराग अवस्थी तक को नहीं बुलाया गया। विपक्षी नेताओं की भी उपेक्षा हुई।
पूर्व वर्ष में हमें बुलाया गया था तो हम कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस वर्ष आमंत्रित ही नहीं किया गया। इस वजह से शामिल नहीं हुए।
अनुपम अनुराग अवस्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा।
पार्टी ने जैतहरी चुनाव प्रचार का दायित्व सौंपा है। मैं वहां आया हूं। सूर्य नमस्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का आमंत्रण नहीं मिला।
प्रकाश जगवानी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष।
युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आमंत्रित करते तो मै अवश्य पहुंचता लेकिन बुलाया ही नहीं गया।
अजय सिंह बघेल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष, शहडोल।
सूर्य नमस्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का आमंत्रण नहीं मिला। हम लोगों की पार्टी सत्ता में थी तो हम सभी को आमंत्रित करते थे।
राकेश कटारे, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, कांग्रेस।