भीड़ ने आरोपी युवक को इस कदर पीटा, देखने वालों की रूह कांप गई
शाहजहांपुर। जिले में एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। बताया जाता है कि युवक ने 10 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ की थी। लड़की के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और लाठी-डंडों, लात-घूसों से जमकर उसकी पिटाई कर दी। खास बात यह है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
बच्ची से छेड़छाड़
घटना थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र की है। यहां 10 साल की लड़की अपने जानवर चराने रही थी। इसी बीच दो युवक वहां आए और लड़की को दबोच लिया। दोनों युवक उससे छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने उसे जमीन पर पटक दिया। आरोपी है कि दोनों युवकों ने बच्ची के साथ रेप करने की कोशिश की।
लोगों ने एक युवक को दबोचा
पीड़ित लड़की के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से आरोपी युवक की पिटाई कर दी। आरोपी युवक भीड़ के सामने गिड़गिड़ता रहा, लेकिन लोगों ने उसकी एक न सुनी और उसकी लगातार पिटाई करते रहे।
पुलिस बनी रही मूकदर्शक
खास बात यह है कि जिस वक्त युवक को लाठी और डंडों से पीटा जा रहा था उस वक्त थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। काफी देर बाद पुलिस ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।
आरोपी को भेजा जेल
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एएसपी ने कहा कि आरोपी युवक ने पीड़ित बच्ची को गिराकर उसके सिर पर वार किया था। पीड़ित के परिजनों ने युवक पर छेड़छाड़ और रेप की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।