
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के भाइयों पर एक परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। थाना बंडा क्षेत्र के पिपरिया हरिशचंद्र गांव में पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते उनकी झोपड़ी में आग लगा दी गई। घटना में झोपड़ी के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने राजपाल यादव के भाइयों राजेश यादव, सत्यपाल यादव और श्रीपाल यादव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। वहीं, आरोपों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उक्त प्रकरण में सम्बन्धित को जांच कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
— SHAHJAHANPUR POLICE (@shahjahanpurpol) September 13, 2026
पीड़ित प्रदीप यादव ने बताया कि राजपाल यादव के भाई राजेश यादव ने उनके परिवार से खेत का कुछ हिस्सा खरीदा था। लेकिन अब आरोप है कि खरीदी गई जमीन से ज्यादा हिस्से पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। परिवार का कहना है कि जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। प्रदीप यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह दवा लेने गए थे। इस दौरान उनके बच्चे खेत में मौजूद थे। आरोप है कि इसी समय राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव, राजेश यादव और सत्यपाल यादव गाड़ी से वहां पहुंचे और झोपड़ी में आग लगा दी। आग लगने से झोपड़ी के अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। घटना के बाद झोपड़ी में लगी आग के वीडियो भी सामने आए हैं।
प्रदीप यादव का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर थाना बंडा पहुंचे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें वहां से वापस भेज दिया गया। पीड़ित का कहना है कि इसी बीच आरोपी पक्ष ने खेत में नींव खोदने का काम शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस से मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि पूरा खेत उनके भाई राजेश यादव के नाम है और इसकी रजिस्ट्री करीब 17 साल पहले हो चुकी है। श्रीपाल यादव ने कहा कि जमीन उनकी है और दूसरा पक्ष उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही दूसरे पक्ष ने जमीन पर झोपड़ी बनाई थी, जिसके संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत भी दी थी।
उन्होंने कहा कि जब एक खरीदार ने जमीन के कागजात देखे तो रजिस्ट्री राजेश यादव के नाम मिली, जिसके बाद उसने जमीन खरीदने से मना कर दिया। श्रीपाल यादव ने आरोप लगाया कि झोपड़ी में आग दूसरे पक्ष के लोगों ने खुद लगाई है। उन्होंने कहा कि जमीन की नाप होने के बाद पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि थाने पर तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जमीन विवाद और झोपड़ी में आग लगाने के आरोपों को लेकर चर्चा में है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।