13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जौनपुर के विशाल यादव हत्याकांड पर सियासत गरम! मंत्री अनिल राजभर ने सपा कनेक्शन का लगाया आरोप

Vishal Yadav Murder Case: जौनपुर में विशाल यादव की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Sep 13, 2026

Vishal Yadav Murder Case

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर। (Photo: IANS/Video Grab)

Vishal Yadav Murder Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में विशाल यादव की हत्या को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टीपर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाली आपराधिक घटनाओं में बड़ी संख्या में कहीं न कहीं सपा से जुड़े लोगों का कनेक्शन सामने आता है।

अनिल राजभर ने कहा कि विशाल यादव हत्याकांड में भी पीड़ित परिवार ने स्थानीय सपा विधायक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों को संरक्षण देने वालों को लेकर सरकार की नीति स्पष्ट है। ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल औपचारिक नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसी होनी चाहिए जो भविष्य के लिए नजीर बने। उन्होंने कहा कि विशाल यादव के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हो।

'पीड़ित परिवार संतुष्ट होने तक कार्रवाई जारी रहेगी'

अनिल राजभर ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब तक परिवार कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं होता, तब तक सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदम जारी रहेंगे। मंत्री ने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को संरक्षण दिए जाने की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी जांच की जाएगी।

बाल कटवाकर घर लौट रहा था विशाल यादव

जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर को जौनपुर के तिवारीपुर निवासी विशाल यादव उर्फ बिच्छी सैलून से बाल कटवाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने विशाल पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर रूप से घायल विशाल की बाद में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

हाईवे पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

विशाल यादव की हत्या से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विशाल की मां मालती देवी और अन्य परिजनों ने स्थानीय सपा विधायक लकी यादव पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

28 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ FIR

पुलिस ने मामले में 28 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। सरकार की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परिवार का सहारा था विशाल

परिजनों के मुताबिक, विशाल यादव गुजरात में ट्रेलर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी हत्या के बाद परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां भी खड़ी हो गई हैं। फिलहाल विशाल यादव हत्याकांड को लेकर पुलिस जांच के साथ-साथ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सरकार ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।