13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिवाली से पहले फ्लाइट टिकट महंगे, मुंबई-लखनऊ किराया 23 हजार के पार, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Diwali Travel: दिवाली से पहले लखनऊ आने वालों के लिए हवाई सफर महंगा हो गया है। मुंबई से किराया 23 हजार पार, जबकि बेंगलुरु और पुणे से 20 हजार रुपये से ज्यादा है।
4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Sep 13, 2026

मुंबई से लखनऊ का विमान किराया 23 हजार के पार, बेंगलुरु और पुणे की उड़ानों में भी बढ़ी मारामारी (फोटो सोर्स : IANS )

Diwali Travel Flight Fare: दिवाली से पहले राजधानी लखनऊ आने की तैयारी कर रहे यात्रियों की जेब पर हवाई सफर भारी पड़ने लगा है। त्योहार के नजदीक आते ही देश के प्रमुख शहरों से लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराये में तेजी देखने को मिल रही है। मुंबई से लखनऊ आने वाली कुछ उड़ानों का किराया 23 हजार रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि बेंगलुरु और पुणे से आने वाली उड़ानों के लिए यात्रियों को 20 हजार रुपये से अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। एयर ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक जैसे-जैसे सीटें बुक होंगी, विमान किराये में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मुंबई से आने वालों की जेब पर सबसे ज्यादा असर

दिवाली के दौरान मुंबई से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ लखनऊ आते हैं। इस वजह से मुंबई-लखनऊ हवाई मार्ग पर त्योहारी सीजन में मांग तेजी से बढ़ती है। मौजूदा किराये के मुताबिक मुंबई से लखनऊ आने वाली 6ई 677 फ्लाइट का किराया करीब 23,753 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं 6ई 643 फ्लाइट का किराया भी करीब 21,443 रुपये बताया जा रहा है। त्योहार के करीब आने के साथ इन उड़ानों में सीटों की उपलब्धता कम होने पर किराये में और इजाफा हो सकता है। ऐसे में जो यात्री दिवाली के आसपास लखनऊ आने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए जल्द टिकट बुक करना आर्थिक रूप से ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

बेंगलुरु और पुणे की उड़ानों में भी महंगाई

आईटी और औद्योगिक शहरों से लखनऊ आने वाले यात्रियों को भी इस बार महंगे हवाई किराये का सामना करना पड़ रहा है। बेंगलुरु से लखनऊ आने का विमान किराया करीब 20,538 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं पुणे-लखनऊ मार्ग पर भी किराया 20 हजार रुपये के पार बताया जा रहा है। इन दोनों शहरों से बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग नौकरी और कारोबार के सिलसिले में जुड़े हुए हैं। दिवाली के मौके पर लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने गृह नगर लौटते हैं। यात्रियों की इसी बढ़ती मांग का असर विमान टिकटों की कीमत पर दिखाई दे रहा है।

चेन्नई से लखनऊ का किराया भी 18 हजार के पार

दक्षिण भारत से लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए भी हवाई सफर सस्ता नहीं रह गया है। चेन्नई से लखनऊ आने वाली उड़ानों का किराया करीब 18,833 रुपये तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों की तुलना में त्योहारी अवधि में किराये में यह बढ़ोतरी यात्रियों के बजट को प्रभावित कर सकती है। एयरलाइन टिकट की कीमत मांग, सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के आधार पर लगातार बदलती रहती है। ऐसे में एक ही रूट पर अलग-अलग तारीखों और उड़ानों के किराये में भी अंतर देखने को मिल सकता है।

हैदराबाद से भी बढ़ा किराया

हैदराबाद से लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराये में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उपलब्ध किराया करीब 13,199 रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि मुंबई, बेंगलुरु और पुणे की तुलना में यह किराया कम है, लेकिन सामान्य दिनों की अपेक्षा त्योहार के समय बढ़ी मांग यात्रियों की चिंता बढ़ा रही है। शुभम त्रिपाठी (यात्री) का कहना है कि दिवाली पर ट्रेन में आरक्षण मिलना भी चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में जिन लोगों को निश्चित तारीख पर लखनऊ पहुंचना है, उनके लिए विमान ही तेज विकल्प बचता है। इसका फायदा एयरलाइन किराये में बढ़ोतरी के रूप में दिखाई देता है।

6 नवंबर की उड़ानों में सबसे ज्यादा मारामारी

इस बार दिवाली के मौके पर 6 नवंबर को लखनऊ आने वाली उड़ानों में सबसे ज्यादा मारामारी बताई जा रही है। त्योहार के ठीक आसपास लखनऊ पहुंचने की चाहत के कारण इस तारीख की उड़ानों की मांग काफी अधिक है। यात्रियों का एक बड़ा वर्ग त्योहार से पहले घर पहुंचना चाहता है, जिसके चलते सीमित सीटों पर दबाव बढ़ रहा है। लखनऊ के पुष्कर एयर ट्रैवल एजेंट का कहना है कि जिन तारीखों पर सीटें तेजी से भर्ती हैं, उन पर एयरलाइन का किराया भी बुकिंग के साथ बढ़ता जाता है। अंतिम समय में टिकट लेने वाले यात्रियों को कई बार शुरुआती बुकिंग की तुलना में काफी अधिक रकम चुकानी पड़ती है।

सीटें कम हुईं तो और बढ़ सकता है किराया

ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक अभी त्योहारी यात्रा की मांग बनी हुई है और आने वाले दिनों में बुकिंग का दबाव और बढ़ सकता है। जैसे-जैसे कम किराए वाली सीटें उपलब्ध नहीं रहेंगी, यात्रियों को महंगे किराए वाली श्रेणियों में टिकट लेना पड़ सकता है। ट्रेवल की खबरों पर विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहार के दौरान यात्रा की तारीख तय होने पर बहुत देर तक टिकट बुकिंग टालना जेब पर भारी पड़ सकता है। हालांकि किराये में आगे कितना इजाफा होगा, यह मांग और सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

ट्रेन के विकल्प पर भी यात्रियों की नजर

विमान किराये में बढ़ोतरी के बीच कई यात्री रेल यात्रा को विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि दिवाली के आसपास ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है और कन्फर्म टिकट मिलना आसान नहीं होता। ऐसे में जिन यात्रियों को समय बचाना है, वे महंगा होने के बावजूद विमान से यात्रा करने को प्राथमिकता दे सकते हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर दिवाली के आसपास यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। देश के अलग-अलग महानगरों से बड़ी संख्या में लोग राजधानी और आसपास के जिलों में अपने घर लौटते हैं। त्योहार के बाद लखनऊ से वापस जाने वाली उड़ानों में भी इसी तरह किराये में तेजी देखने को मिल सकती है।

त्योहार से पहले यात्रा का बजट बिगड़ा

दिवाली परिवार के साथ मनाने के लिए घर लौटने वालों के लिए इस बार हवाई यात्रा का बजट बढ़ गया है। मुंबई से 23 हजार रुपये से अधिक, बेंगलुरु और पुणे से 20 हजार रुपये से अधिक तथा चेन्नई से करीब 19 हजार रुपये तक पहुंचा किराया यात्रियों के लिए चिंता का विषय है। एयर ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक सीटें भरने के साथ किराये में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में दिवाली पर लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए यात्रा की तारीख और बजट को ध्यान में रखते हुए समय रहते टिकट बुक करना बेहतर विकल्प हो सकता है। खासकर 6 नवंबर को लखनऊ आने की योजना बना रहे यात्रियों को सीटों की उपलब्धता और किराये पर नजर रखने की जरूरत होगी।