
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर। (Photo: IANS/Video Grab)
Anil Rajbhar Statement: प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, "ये तो वही कहावत हुई कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।" उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी रही हैं और अब उसी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार पर सवाल कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सपा के पास सरकार के विकास कार्यों को लेकर बोलने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसी वजह से पार्टी प्रमुख अनावश्यक और बेतुकी बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब करीब चार महीने का समय बचा है और जनता इसका जवाब देगी।
आकाश आनंद को लेकर चंद्रशेखर आजाद की पेशकश और डिंपल यादव के मायावती पर दिए पीडीए संबंधी बयान पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के आंतरिक मामलों में दूसरे दलों या नेताओं को दखल नहीं देना चाहिए।
राजभर ने कहा कि मायावती बीएसपी की अध्यक्ष हैं और पार्टी से जुड़े फैसले लेने का अधिकार उन्हीं के पास है। वह अपनी पार्टी को अपने तरीके से चला रही हैं। ऐसे मामलों पर बाहरी लोगों को टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
अनिल राजभर ने आईएएनएस से बातचीत में 17 सितंबर से प्रस्तावित बाइक यात्रा को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में युवाओं की प्रमुख भूमिका होगी। बाइक से निकलने वाले युवा अलग-अलग स्थानों पर लोगों को जागरूक करेंगे और चौपालों के जरिए संवाद करेंगे।
राजभर के अनुसार, इस अभियान के तहत दो प्रमुख बाइक जत्थे रवाना होंगे। इनमें एक प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से और दूसरा गुजरात से निकलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा को देखते हुए पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
Updated on:
13 Sept 2026 01:30 pm
Published on:
13 Sept 2026 01:25 pm
