शाजापुर

शाजापुर में ‘बलराम कृषि महोत्सव’: सीएम मोहन यादव का किसानों से संवाद, आधुनिक खेती पर दिया जोर

Balram Krishi Mahotsav Shajapur : कृषकों के लिए जिले में 'बलराम कृषि महोत्सव' आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से सीधा संवाद किया।
2 min read
Balram Krishi Mahotsav Shajapur
किसानों से संवाद करते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: @DrMohanYadav51)

Shajapur News : कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, कृषि आदानों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए 'बलराम कृषि महोत्सव' आयोजित किया गया। कृषि उपज मंडी प्रांगण शाजापुर में आयोजित कार्यक्रम में एक तरफ जहां जिले के जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में कृषक बंधु शामिल हुए तो वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए।

कार्यक्रम में वर्चुअल जुड़े मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, 'नई तकनीक से खेती कर समृद्धि की ओर बढ़ रहे प्रदेश के किसान…। 'कृषक कल्याण वर्ष-2026' के अंतर्गत आज शाजापुर जिले में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' में वर्चुअली जुड़कर किसानों से संवाद किया। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों और नवाचारों को अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े सीएम मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, परंपरागत अनुभव और आधुनिक तकनीक का समन्वय खेती को अधिक लाभकारी बनाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और कृषि उत्पादन व आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हर किसान समृद्ध हो, खेती लाभकारी बने और कृषि के क्षेत्र में अपना मध्यप्रदेश नित नये कीर्तिमान स्थापित करता रहे, इसके लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

कई नवाचारों का प्रदर्शन

किसान कल्याण तथा कृषि विकास उपसंचालक के अनुसार, 'बलराम कृषि महोत्सव' के दौरान कृषि एवं कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी लगाई गई है। साथ ही निजी कृषि आदान संस्थानों एवं कृषि उपकरण निर्माताओं द्वारा भी अपने स्टॉल स्थापित कर नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, बीज, उर्वरक, जैविक उत्पाद एवं अन्य कृषि नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

किसान हितेषी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण यंत्रीकरण तथा शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, कृषकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया, जिससे वे नवीन तकनीकों को अपनाकर अपनी कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बना सकें।

सीएम ने किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषकों और मेधावी छात्रों से सीधा संवाद किया। इस संवाद के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए कार्यक्रम स्थल पर टू-वे कम्युनिकेशन की व्यवस्था रही।

Updated on:
10 Oct 2026 05:20 pm
Published on:
10 Oct 2026 05:20 pm