शाजापुर

जानिये क्यों : आज से थम जाएंगे देशभर में ट्रकों के पहिए

ट्रांसपोटर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत
2 min read
patrika
जानिये क्यों : आज से थम जाएंगे देशभर में ट्रकों के पहिए

शाजापुर.

अपनी मांगों को लेकर ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की शासन से चर्चा हुई, लेकिन समयावधि पूरी होने के बाद भी मांगों पर शासन ने विचार नहीं किया। इसके चलते तो ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने हड़ताल की घोषणा कर दी है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार से शुरू होगी। इस दौरान ट्रांसपोर्ट से आने वाले सामान पर रोक लग जाएगी। इससे करोड़ों का कारोबार प्रभावित होगा।

शाजापुर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दाऊद सेठ ने बताया कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ परिवहन क्षेत्र बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है। इसके खिलाफ प्रदर्शन किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि हमने शासन को 20 जुलाई तक का समय दिया था कि वे हमारी मांगों को मान लें ताकि हम लोगों को भी व्यवसाय करने में सहूलियत हो, लेकिन अब समयावधि पूरी हो चुकी है। आज तक इस ओर शासन ने कोई जवाब नहीं दिया है। ऐसे में देशव्यापी हड़ताल में जिले के ट्रांसपोर्ट भी शामिल रहेंगे। इस दौरान कोई भी ट्रांसपोर्ट संचालक अपने वाहन वाहनों को नहीं चलाएंगे।

इन मांगों के लिए की जा रही हड़ताल
शाजापुर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष ने बताया कि डीजल की कीमतें कम किए जाने, राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य निर्धारण और डीजल कीमतों में त्रैमासिक संशोधन किए जाने, टोल बैरियर मुक्त भारत बनाने, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर टीडीएस समाप्त किए जाने, आयकर अधिनियम की धारा 44 एई में अनुमानित आय में कमी और उसको तर्कसंगत किए जाने तथा ई-वे बिल से जुड़ी व्यवहारिक समस्याओं को देखते हुए नियमों में संशोधन किए जाने सहित अन्य के निराकरण की मांग की गई थी। इन मांगों को लेकर शासन की ओर से कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया। जिसके चलते ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेगा।

मंडी में भी बंद रहेगा कामकाज
ट्रांसपोर्ट की देशव्यापी इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते मंडी व्यापारी भी कामकाज बंद रखेंगे। गुरुवार को मंडी व्यापारियों ने मंडी प्रबंधन को एक पत्र सौंपा। इसमें बताया गया कि जब तक ट्रांसपोर्ट की हड़ताल जारी रहेगी तब तक मंडी में कोई भी व्यापारी घोष विक्रय में शामिल नहीं होगा। इससे मंडी में खरीदी कार्य बंद रहेगा।

Published on:
19 Jul 2018 10:22 pm