
Shajapur Safety Pin Stuck in Baby Throat: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के सारंगपुर से अपने सवा माह के मासूम बच्चे को गंभीर हालत में लेकर शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचे माता-पिता की सांसें उस समय थम गईं, जब उन्हें पता चला कि बच्चे के गले में सेफ्टी पिन फंसी हुई है। गले में पिन फंसने से मासूम को काफी परेशानी हो रही थी। जिला अस्पताल में चिकित्सक डॉ. तेजपालसिंह जादौन ने तत्परता दिखाते हुए लेरिंगोस्कोप तकनीक की मदद से महज 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद पिन को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। समय रहते उपचार मिलने से बच्चे की जान बच गई। फिलहाल एहतियात के तौर पर उसे आईसीयू में रखा गया है, जहां उसकी हालत स्वस्थ बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, बच्चे के गले में गोप पहनाई गई थी, जिसमें सेफ्टी पिन लगी हुई थी। इसी दौरान गोप बच्चे के मुंह में चली गई और सेफ्टी पिन खुलकर गले तक पहुंच गई। पिन बच्चे के टांसिल के पास फंस गई, जिससे उसकी हालत बिगडऩे लगी। घबराए परिजन बच्चे को लेकर तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचे और डॉ. जादौन को उसकी स्थिति बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. जादौन ने बिना देर किए दूरबीन की मदद से बच्चे के गले की जांच की। जांच में सेफ्टी पिन टांसिल के पास फंसी हुई दिखाई दी। इसके बाद लेरिंगोस्कोप की सहायता से प्रक्रिया शुरू की गई और करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद पिन को बाहर निकाल लिया गया। पिन निकलते ही बच्चे को राहत मिली और परिजनों ने भी चैन की सांस ली।
डॉ. जादौन ने बताया कि यदि समय रहते बच्चे का उपचार नहीं मिलता और पिन अधिक समय तक गले में फंसी रहती तो स्थिति जानलेवा हो सकती थी। फिलहाल बच्चे को निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया है और उसकी हालत ठीक है। घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों के कपड़ों और उनके आसपास रखी जाने वाली नुकीली वस्तुओं को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।