शाजापुर

गले में फंसी चिकन के लेग पीस की हड्डी, दर्द से छटपटा रहे युवक की करनी पड़ी सर्जरी

mp news: समय पर सर्जरी होने से बची युवक की जान, गले में हड्डी फंसने से सांस लेने, बोलने और कुछ भी निगलने में हो रही थी भारी दिक्कत।
2 min read
shajapur
chicken bone stuck throat surgery saves life

mp news: मध्यप्रदेश के शाजापुर में एक युवक की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई जब उसके गले में चिकन की हड्डी फंस गई। शाजापुर जिला अस्पताल में 24 वर्षीय युवक कन्हैया लाल की समय रहते डॉक्टरों ने सर्जरी की जिसके कारण उसकी जान बच गई। परिजन के मुताबिक चिकन खाने के बाद कन्हैया को सांस लेने और कुछ भी बोलने में काफी दिक्कत हो रही थी और वो दर्द से छटपटाने लगा था जिसके कारण वो उसे तुरंत अस्पताल लेकर आए थे।

गले में फंसी चिकन की हड्डी

कन्हैया लाल के पिता दशरथ ने बताया कि वो कांच इलाके में रहते हैं। रविवार रात को चिकन खा रहे थे तभी अचानक हड्डी बेटे कन्हैया के गले में अटक गई। इसके बाद कन्हैया को सांस लेने, बोलने और कुछ भी निगलने में भारी दिक्कत होने लगी। वो दर्द से छटपटाने लगा तो उसे तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां जांच करने पर डॉक्टरों ने बताया कि गले में चिकन की हड्डी फंस गई है। अस्पताल में तैनात ईएमटी डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सावधानीपूर्वक की गई इस प्रक्रिया के बाद गले में फंसी हड्डी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।

सर्जरी से बची जान

ऑपरेशन के बाद मरीज कन्हैया लाल की हालत में तेजी से सुधार हुआ और अब वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। कन्हैया लाल ने बताया कि रविवार रात को हड्डी फंसने के बाद उन्हें असहनीय दर्द और घुटन महसूस हो रही थी। सोमवार को जिला अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ की तत्परता से उन्हें राहत मिली। परिजनों ने डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन और अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अस्पताल में तैनात ईएमटी डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने आम जनता से अपील की है कि भोजन करते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर उचित उपचार मिल सके और गंभीर परिणामों से बचा जा सके।

Updated on:
03 Feb 2026 07:58 pm
Published on:
03 Feb 2026 07:58 pm