शाजापुर

फिर फिसली कैलाश विजयवर्गीय की जुबान, राहुल गांधी पर की अभ्रद टिप्पणी

MP News: मध्यप्रदेश के नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चाओं में बने रहते हैं।
2 min read
Sep 25, 2025
mp news

MP News: मध्यप्रदेश के नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ये संस्कारों का अभाव है। ये संस्कार तो विदेशी संस्कृति के हैं।

कैलाश बोले- नेता प्रतिपक्ष अपनी जवान बहन को चौराहे पर चुंबन करते हैं

गुरुवार को शाजापुर में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा कि हमारे नेता प्रतिपक्ष हैं, वो अपनी जवान बहन को बीच चौराहे पर चुंबन करते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप में से कौन है, जो अपनी जवान बहन-बेटी को शारीरिक रूप से चुंबन किया हो। ये संस्कारों का अभाव है। ये संस्कार तो विदेशी संस्कृति के हैं। भारत चलेगा तो हमारे देश की संस्कृति संस्कारों से चलेगा। हमारे संस्कार के आधार पर चलेगा। हमारे देश में दो धाराएं चल रही हैं। जो कि भारत को मजबूत कर रही है।

27 बार राहुल गांधी चुनाव हारे- कैलाश विजयवर्गीय

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मोदी जी के आने के बाद 27 बार राहुल गांधी जगह-जगह चुनाव हारे हैं, क्योंकि देश की जनता उनके साथ नहीं है। उनकी नीतियों के साथ नहीं है। देश की जनता भारतीय जनता पार्टी, एनडीए के साथ है। राहुल गांधी फ्रस्टेशन में हैं। वे बेबुनियाद आरोप लगाकर देश में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं कैलाश

बीते महीनों पहले कैलाश विजयवर्गीय ने लड़कियों के कपड़ों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने उस दौरान कहा था कि छोटा भाषण दें तो कहते हैं कि बहुत सुदंर भाषण दिया है। पाश्चात्य देशों में ऐसा कहते हैं। हमारे यहां क्या है कि अच्छा पहने लड़की, अच्छा श्रंगार करें, अच्छे गहने पहने, अच्छे सुंदर कपड़े पहने तो हम उसे अच्छा मानते हैं- बहुत सुंदर है। लेकिन विदेशों में जो कम कपड़े पहने न, उसको सुंदर मानते हैं, ये उनकी सोच है। वहां ये कहावत है कि जिस प्रकार कम कपड़े पहनने वाली लड़की बहुत सुंदर होती है, उसी प्रकार कम बोलने वाला नेता भी अच्छा होता है। लेकिन मैं इसे नहीं मानता। मैं तो यह मानता हूं कि महिला देवी का स्वरूप है। खूब अच्छे कपड़े पहने, मुझे तो कम कपड़े वाली अच्छी नहीं लगती। कई बार लड़कियां सेल्फी लेने आती हैं तो मैं कह देता हूं, बेटा- अच्छे कपड़े पहनकर आना तब फोटो लेंगे।

Updated on:
25 Sept 2025 05:06 pm
Published on:
25 Sept 2025 05:06 pm