
cm mohan yadav
mohan yadav attacks jitu patwari: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। सीएम मोहन यादव ने जीतू पटवारी को कांग्रेस का दो कौड़ी का अध्यक्ष कहा है। इसके साथ ही सीएम ने कहा है कि 'हम अभिनंदनलाल हैं, लेकिन तुम तो टपोरीलाल हो, धपोल शंख हो। मध्यप्रदेश में सरकार बनाने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखते हो'। सीएम मोहन यादव ने शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान ये जवाबी हमला बोला।
सीएम मोहन यादव ने कहा- जो नेता अपनी विधानसभा 40 हजार से हार जाए उसे प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। जो अपने लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशी को नहीं खड़ा कर पाए। जिसका उम्मीदवार भाग जाए वो प्रदेश अध्यक्ष है, ये दो कौड़ी का अध्यक्ष है। हमेशा हाय रे-हाय रे करते रहते हैं, मुंगेरीलाल जैसे हसीन सपने देखते हैं कि सरकार बनाएंगे, लेकिन अगले 20 साल और लग जाएं फिर भी इनकी दाल नहीं गलने वाली। सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा और उसकी नीतियों पर है, न कि कांग्रेस के खोखले वादों पर।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के हित में निरंतर काम कर रही है। योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। वहीं कांग्रेस केवल बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगी हुई है। जनता सब समझती है और चुनावों में इसका जवाब भी दे चुकी है। सीएम के इस बयान के दौरान सभा स्थल पर मौजूद हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया। शुजालपुर की सभा में मुख्यमंत्री के राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोले शब्द चर्चा का विषय बने रहे। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं में जोश साफ देखा गया।
वहीं सीएम मोहन यादव के इस बयान के बाद पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर पलटवार किया है। कमलनाथ ने लिखा है- पद के अभिमान में भाषा की मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया है। आप मेडिकल कालेज की बात करते हैं, लेकिन बताइए कि उनमे से चालू कितने हैं? बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कुछ दिन पहले सतना में सीएम मोहन यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्हें अभिनंदन लाल यादव कहा था। इसी बयान पर अब सीएम मोहन यादव ने पलटवार किया है।
Published on:
31 May 2026 10:08 pm
बड़ी खबरें
View Allशाजापुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
