शाजापुर

विकास के नाम पर हरियाली को उजाड़ा

दिनदयाल रसोई योजना के तहत शेड निर्माण के लिए काटे जा रहे पेड़
2 min read
• •
Updated: 1 Aug 2018, 10:21 PM IST
patrika
विकास के नाम पर हरियाली को उजाड़ा

शाजापुर.

जिला मुख्यालय पर पुराने डीपो कार्यालय परिसर में सरकार की दीनदयाल रसोई योजना का संचालन किया जा रहा है। यहां पर 5 रुपए में भरपेट भोजन करने आने वालों को खुले आसमान के नीचे तिरपाल लगाकर भोजन परोसा जाता है। इससे बारिश के मौसम में खासी परेशानियों का सामना सभी को करना पड़ता है। इसी समस्या के निराकरण के लिए नगर पालिका ने यहां पर करीब 9 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण परिषद की बैठक में स्वीकृत करते हुए इसका कार्य शुरू करवा दिया। इस कार्य के लिए यहां मौजूद हरे वृक्षों को काटा गया है। जिसको लेकर नगर में चर्चाएं चलती रही।

पुराने डीपो कार्यालय में शेड निर्माण के साथ ही यहां पर आधुनिक किचन शेड भी बनाया जाना है। इस कार्य के लिए परिसर में लगे पेड़ों को काटा गया है। हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलते देख शहरवासियों में चर्चा रही कि यदि कोई अन्य व्यक्ति हरे पेड़ को काटता तो उस पर कार्रवाई हो जाती, लेकिन यहां पर स्वयं नपा ही पेड़ कटवा रही है। इस पर क्या कार्रवाई होगी। हालांकि नपा के अधिकारियों का कहना है कि एक ही पेड़ को काटा गया। जो कि शेड निर्माण में बाधा बन रहा था। शेड बनने से यहां पर भोजन करने आने वालों को खासी सहुलियत होगी। मौसम की मार से सभी बचते हुए आसानी से योजना का लाभ उठा सकेंगे। इसके चलते परिसर में लगे एक पेड़ को काटना जरूरी थी। उल्लेखनीय है कि दीनदयाल रसोई योजना का लाभ लेने के लिए प्रतिदिन लोग यहां पहुंचते है। ऐसे में यहां पर भोजन करने वालों को टाटपट्टी पर बैठाकर तिरपाल के नीचे ही भोजन करना पड़ता है। बारिश के कारण यहां पर बैठने तक की परेशानी हो जाती है। इसके चलते शेड का निर्माण कराया जा रहा है

इनका कहना है
दीनदयाल रसोई योजना के लिए करीब 9 लाख रुपए की लागत से शेड का निर्माण होना है। जिसका कार्य शुरू किया गया है। साथ ही आधुनिक किचन शेड भी बनाया जाएगा। निर्माण में एक पेड़ बाधा बन रहा था जिसकी कटाई कराई गई है।
- भूपेंद्रकुमार दीक्षित, सीएमओ, नगर पालिका-शाजापुर

Published on: