शाजापुर

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अरनियाकला में प्रेरणा उत्सव

छात्रों ने निबंध, कविता, चित्रकला सहित कई रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्ण भागीदारी
less than 1 minute read
Feb 06, 2026
जिलेभर से 1214 विद्यार्थियों का पंजीयन, चयनित 30 छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

अरनियाकलां. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, अरनियाकला में ‘प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम चरण-2’ का आयोजन नोडल सेंटर के रूप में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर संजय भट्ट और विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसे अतिथियों और उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार राजे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय आगर मालवा के प्राचार्य अखिलेश कुमार पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रेड रोज स्कूल शुजालपुर की प्राचार्य शिमला गुप्ता और डायरेक्टर आशीष वैश्य विशिष्ट अतिथि तथा निर्णायक मंडल के सदस्य रहे। अरनियाकला के सरपंच प्रतिनिधि कमल चंद्रवंशी की विशेष उपस्थिति भी रही। प्रेरणा उत्सव के अंतर्गत जिलेभर से 1214 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ, जिसमें से चयन प्रक्रिया के बाद 30 विद्यार्थियों (15 छात्र और 15 छात्राएं) का अंतिम चयन किया गया।

रचनात्मक गतिविधियों में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

चयनित विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में निबंध, कविता, कहानी, गीत लेखन, व्यंग्य चित्र और चित्रकला जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व चयनित छात्र नितेश शर्मा का सम्मान भी किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली। आयोजन में केंद्रीय विद्यालयों, शासकीय और निजी स्कूलों सहित नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक सीता गुप्ता के निर्देशन में हुआ, जबकि सह-प्रभारी कविता पटेल और जगदीश दांगी ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। अंत में प्राचार्य अशोक कुमार राजे ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

Updated on:
06 Feb 2026 08:57 pm
Published on:
06 Feb 2026 08:57 pm