शाजापुर

नेशनल लोक अदालत में “स्वच्छता वीरों” का होगा सम्मान

न्यायाधीशों के सहयोग से सफाईकर्मियों को वितरित किए जाएंगे वस्त्र

2 min read
Mar 13, 2026
Feature image

शाजापुर. आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत एवं “स्वच्छभारत–न्यायपूर्णभारत” अभियान के अंतर्गत जिले के स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आनंद कुमार तिवारी तथा अन्य न्यायाधीशों द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश देना है। कार्यक्रम के दौरान सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाएगा।

न्यायाधीशों के वेतन सहयोग से किया जा रहा सम्मान

प्रेस वार्ता में बताया गया कि स्वच्छता कर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से न्यायाधीशों के वेतन से सहयोग राशि एकत्र कर लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये की राशि से सम्मान सामग्री तैयार की गई है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर जिले के कुल 212 पंजीकृत सफाईकर्मियों—जिनमें 75 महिलाएं और 137 पुरुष शामिल हैं—को लोअर-टी-शर्ट तथा साड़ी सेट वितरित किए जाएंगे। यह पहल स्वच्छता कर्मियों के कार्यों के प्रति आभार प्रकट करने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

नेशनल लोक अदालत के लिए 18 खण्डपीठों का गठन

नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिला मुख्यालय शाजापुर में 12 तथा तहसील न्यायालय शुजालपुर में 6 न्यायिक अधिकारियों की कुल 18 खण्डपीठों का गठन किया गया है। प्रत्येक खण्डपीठ में एक अधिवक्ता को सुलहकर्ता सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है, जो पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से प्रकरणों के निराकरण में सहयोग करेंगे।

इसके अतिरिक्त उपभोक्ता फोरम में लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष खण्डपीठ क्रमांक 18 का भी गठन किया गया है। संबंधित पक्षकार और अधिवक्ता चाहें तो अपने प्रकरण नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत कर त्वरित समाधान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी नेशनल लोक अदालत एवं विशेष न्यायाधीश अंजनी नंदन जोशी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नमिता बौरासी तथा अन्य अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

Published on:
13 Mar 2026 01:14 am