
1121 km To Meet Lover: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले का रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए 1121 किमी की दूरी तय कर बिहार के बगहा पहुंचा। तलाकशुदा दो बच्चों की मां से युवक ने शादी करने की बात कही लेकिन जब प्रेमिका ने शादी करने से मना किया तो युवक ने उसी के घर में अपनी जान देने की कोशिश की। प्रेमिका ने पुलिस को बुलाया और प्रेमी को अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
प्रेमिका अनिता (परिवर्तित नाम) ने बताया कि वो तलाकशुदा है और उसकी दो बेटियां हैं। उसकी पहचान करीब दो साल पहले शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी के रहने वाले शेखर राठौर (23) से हुई थी। दोनों के बीच चैटिंग होने लगी और फिर प्यार हो गया। शेखर उसने मिलने के लिए एक बार पहले भी बगहा आया था और तब दोनों के बीच काफी अच्छा रिश्ता था और उन्होंने शादी करने का भी प्लान बनाया था, लेकिन कुछ दिन बाद शेखर का व्यवहार बदल गया और वो टॉर्चर करने लगा था। शेखर के बदले व्यवहार के कारण उसने शादी करने से इंकार कर दिया था।
प्रेमिका अनिता (परिवर्तित नाम) के मुताबिक उसने शेखर को बता दिया था कि वो उससे शादी नहीं करेगी और उसे इस बात की उम्मीद नहीं थी कि शेखर इतनी दूर उससे मिलने दोबारा आएगा। मंगलवार की शाम शेखर अचानक उसके घर पहुंचा, घर में दोनों बच्चियां भी थीं। शेखर ने आते ही उससे मोबाइल मांगा और जब उसने मना किया तो अपनी जान देने की कोशिश की। अनिता के मुताबिक शेखर ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। उसने पुलिस को सूचना दी और पुलिस के आने के बाद शेखर को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन अस्पताल से बेतिया रेफर कर दिया गया, बेतिया पहुंच पाते इससे पहले ही शेखर की सांसें थम गईं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के परिजनों को सूचना दी और प्रेमिका अनिता (परिवर्तित नाम) को हिरासत में ले लिया है।