
Ankit Baliyan Murder Case Update: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। गोलियों से हुई इस हत्या के बाद मृतक की पत्नी सीमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। सीमा दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में सीमा ने कहा कि पति की हत्या के बाद उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का भी सामना कर रही हैं। सीमा ने पुलिस-प्रशासन से हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वह बेहद कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा, '' अगर अगले 1-2 दिनों के भीतर पुलिस ने अंकित की हत्या करने वाले बदमाशों का एनकाउंटर नहीं किया, तो वह खुद CM आवास के पास पहुंचकर आत्महत्या कर लेंगी।''
सीमा के मुताबिक, फिलहाल अंकित का किसी व्यक्ति से कोई विवाद नहीं था। हालांकि, वर्ष 2023 में उन्हें फोन के जरिए दो बार धमकी मिली थी। उन्होंने बताया कि अंकित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और इसी वजह से हरियाणा में उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा था। सीमा ने यह भी कहा कि घटना के बाद अभी तक उन्हें हरियाणा की ओर से किसी तरह का सहयोग या संपर्क नहीं मिला है।
सीमा ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी अंकित से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय अंकित ने किसी नए गाने पर काम करने की बात कही थी। उनके मुताबिक, उस बातचीत के दौरान अंकित बिल्कुल सामान्य थे और किसी तरह के तनाव में नजर नहीं आ रहे थे। इसके कुछ समय बाद ही उनकी हत्या की खबर सामने आई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अंकित की पत्नी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध पर नियंत्रण के दावे करती है, लेकिन उनके पति की सरेआम हत्या कर दी गई। सीमा ने कहा कि उनका कोई बच्चा भी नहीं है और पति की मौत के बाद परिवार पूरी तरह तबाह हो गया है। उन्होंने सरकार से हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस की नजर कथित गैंग नेटवर्क पर भी है। जांच एजेंसियां लॉरेंस बिश्नोई, गोगी और काला जठेड़ी गैंग से जुड़े बताए जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन गैंग से जुड़े लोगों का पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ किसी तरह का संपर्क तो नहीं है।
जांच में इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या बड़े आपराधिक गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पश्चिमी यूपी के युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस शामली और बागपत समेत आसपास के जिलों में ऐसे डिजिटल संपर्कों को खंगाल रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि हरियाणा और दिल्ली के बाद कुछ गैंग पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, इन आशंकाओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की जांच में गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया और अन्य संदिग्ध शूटरों के संभावित संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है। जांच एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों, फोन संपर्क और अन्य डिजिटल कड़ियों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अंकित की हत्या के पीछे किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क की भूमिका थी या नहीं।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय या संभावित आपराधिक नेटवर्क को लेकर पुलिस की निगरानी बढ़ गई है। शामली और बागपत के युवाओं के सोशल मीडिया संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं युवाओं को आपराधिक गिरोहों से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा। फिलहाल जांच जारी है और डिजिटल कड़ियों से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।