शामली

जिस डर को परिवार भूल चुका था, वही सच बन गया? अंकित की पत्नी ने बताई पुरानी कहानी

Ankit Baliyan Murder: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पत्नी सीमा ने 2022-23 में मिली धमकी का खुलासा किया। जानिए हत्या से पहले मिली धमकी और पुलिस शिकायत से जुड़े अहम सवाल।
3 min read
Aug 28, 2026
Ankit baliyan Murder case
अंकित बालियान मर्डर केस के आरोपियों का सीसीटवी फुटेज सामने आया है। PC; वायरल वीडियो ग्रैब

Haryanvi Singer Ankit Baliyan Murder: “2022-23 में मेरे पति अंकित बालियान को फोन पर धमकी मिली थी। एक-दो बार फोन आया था। हमने इसकी शिकायत हरियाणा पुलिस से भी की थी। इसके बाद काफी समय तक कोई परेशानी नहीं हुई। हाल-फिलहाल भी ऐसी कोई बात नहीं हुई थी। फिर अचानक सब कुछ खत्म हो गया।” हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद उनकी पत्नी सीमा के इन सवालों ने मामले को एक पुराने धमकी कनेक्शन की ओर मोड़ दिया है। सीमा का कहना है कि पति को करीब तीन-चार साल पहले धमकी भरे फोन आए थे, लेकिन शिकायत के बाद मामला शांत हो गया था। अब शामली में अंकित की गोली मारकर हत्या के बाद परिवार यह जानना चाहता है कि क्या उस पुरानी धमकी का इस हत्याकांड से कोई संबंध है।

सीमा के मुताबिक, “अंकित को जिस तरह से मारा गया, वह बहुत डरावना है। हमें इंसाफ चाहिए। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई है। मैं चाहती हूं कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। जिस तरह से मेरे पति की हत्या की गई, उनका भी एनकाउंटर होना चाहिए।”

जिम से निकलते ही हमलावरों ने घेरा

अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली शहर में आर्यपुरी नाला पटरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह जिम से निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में वारदात के बाद हमलावरों को भागते हुए देखा गया है।

पुलिस के अनुसार, मौके से गोली के खोखे भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में कई राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल ने किया। रिपोर्ट के मुताबिक अंकित के सिर, छाती, पेट और पैर में कुल नौ गोलियां लगी थीं।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध किया। परिवार की मांग थी कि हत्याकांड का जल्द खुलासा किया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

गांव पहुंचा शव तो मच गया कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को अंकित का शव उनके पैतृक गांव बनतीखेड़ा पहुंचा। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारों और परिचितों के साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अंकित के बड़े भाई राजीव कुमार भी दोपहर में गांव पहुंचे। इसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच ही अंतिम यात्रा निकाली गई। बड़े भाई राजीव ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में लोगों ने ‘अंकित बालियान अमर रहे’ के नारे लगाए।

अंतिम यात्रा में उठी गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग

अंकित की अंतिम यात्रा में शामिल लोगों में हत्याकांड को लेकर भारी आक्रोश दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अंकित को टारगेट बनाकर हत्या की गई। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने और एनकाउंटर की मांग की। कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई। लोगों का कहना था कि इस हत्याकांड का जल्द खुलासा होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, जिससे अपराधियों में कानून का डर पैदा हो।

जांच में यूपी से हरियाणा तक टीमें सक्रिय

हत्याकांड की जांच के लिए मेरठ एसटीएफ के साथ शामली और आसपास के जिलों की पुलिस टीमों को लगाया गया है। हरियाणा में भी पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। डीआईजी ने शामली पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की जांच, संदिग्धों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों की जानकारी ली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जांच कर रही है। जांच में गैंग कनेक्शन समेत हत्या की अन्य संभावित वजहों को भी देखा जा रहा है।

चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा

अंकित के पिता सतवीर सिंह की तहरीर पर शहर कोतवाली में चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। तहरीर में बाइक सवार चार हमलावरों द्वारा अंकित पर फायरिंग कर हत्या करने की बात कही गई है

Updated on:
28 Aug 2026 04:19 pm
Published on:
28 Aug 2026 04:13 pm