
Pc-Patrika
Encounter in Varanasi:उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गुरुवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई शिवपुर थाना क्षेत्र और कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा की गई है। शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से अनाचार के मामले में पुलिस ने आरोपी को दोनों पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। फिलहाल, दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
शिवपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में कई महिलाओं से हुई चेन स्नेचिंग के मामले में वांछित आरोपी को गुरुवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर करीब चार राउंड फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बिहार के रोहतास जिला का रहने वाला शशि भूषण गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। फिलहाल पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसीपी कैंट ने बताया कि शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर में एक महिला से चेन स्नैचिंग हुई थी। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाश की पहचान की जा रही थी। इसके बाद हरिहरपुर के पास मुठभेड़ के दौरान आरोपी शशि भूषण को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शशि भूषण के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस बाइक और लूट की गई चेन भी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि फरार उसके साथी की तलाश की जा रही है।
वहीं, कैंट थाना पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से अनाचार के मामले में फरार आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा नदी के पास से गिलट बाजार निवासी शुभम भारती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी कैंट ने बताया कि झारखंड के रहने वाले एक युवक ने उसकी बहन के साथ अनाचार किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष एक कॉलोनी में किराए पर मकान लेकर आता है और उसी के पास रेस्टोरेंट भी चलाता है। पीड़ित की मानसिक रूप से विक्षिप्त बहन है जो मुकबधिर भी है। 27 अगस्त की शाम वह छत पर गई थी, इसी दौरान रेस्टोरेंट का कर्मचारी शुभम भारती वहां पहुंचा और उसकी बहन के साथ अनाचार किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसके बाद वरुणा नदी के पास बने कॉरिडोर इलाके में आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी के पास अवैध तमंचा वा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
Updated on:
28 Aug 2026 08:26 am
Published on:
28 Aug 2026 08:26 am
