
ankit murder case हरियाणी सिंगर अंकित बालियान की शामली में बेहरमी से गोली मारकर हत्या कर देने वाले गैंग के शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश में पुलिस टीम गुजरात तक दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
शामली पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं लेकिन अभी तक दोनों आरोपी फरार हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति इन दोनों के बारे में पुलिस को जानकारी देता है तो वह इनाम का हकदार होगा लेकिन उसकी पहचान को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पर इनाम बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था जिसे मंजूर कर लिया गया है। अब दोनों हत्यारोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है।
अंकित बालियान हत्याकांड के दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। मुठभेड़ में ढेर हुए मोहित और सुमित के बाद अब जिस तरह से फरार शूटर सत्यम और आर्यन पर इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख की गई है उससे यह आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों के साथ भी पुलिस की मुठभेड़ हो सकती है। फिलहाल पुलिस का यही कहना है कि अलग-अलग राज्यों में दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
हरियाणी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में बेरहमी से गोली माकर हत्या कर दी गई थी। अंकित बालियान उस समय नाला पटरी स्थित एक जिम से बाहर निकला था। जिम से निकलते ही इस पर चार शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। पहले इस मामले में दो ही शूटर होने की आशंका जताई गई लेकिन जब सीसीटीवी कैमरे देखे गए तो पता चला कि चार शूटर थे। इनमें से दो को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है बाकी दो पर अब एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोनीपत के गैंगस्टर लॉरेंश विश्नोई से जुड़े गोगी गिरोह के भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो बयान वायरल करके इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस ने इसी गिरोह के दो सदस्यों की पहचान कर उन्हे मुठभेड़ में मार गिराया था। पुलिस की अब तक की कार्रवाई के बाद अब जेल में बंद पप्पू को भी अपने एनकाउंटर का डर सता रहा है। करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पप्पू ने जेल अधिकारियों और प्रदेश के बड़े पुलिस अफसरों को पत्र लिखकर अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बुधवार को अंकित बालियान के पैतृक गांव बनती खेड़ा में अंकित की आत्मा की शांति के लिए तेरहवी कार्यक्रम रखा गया था। यहां हवन हुआ और इस कार्यक्रम में श्रद्धाजंलि देने के लिए बड़ी संख्या में युवा और लोग पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि अंकित हत्याकांड ने सभी को झकझोर दिया है। परिवार को लोगों ने फरार दोनों हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।