शामली

‘लगा जैसे कोई रूहानी ताकत पुकार रही है’, शामली केस में आयुष उर्फ मोहम्मद अली का खुलासा, YouTube वीडियो ने बदल दी जिंदगी!

Shamli Conversion Case Update: UP के शामली धर्मांतरण मामले में करोड़पति के बेटे आयुष मलिक का सबसे बड़ा खुलासा। आयुष ने बताया कि कैसे YouTube पर एक वीडियो देखकर उसका BP बढ़ गया था और हाथ कांपने लगे... जिसके बाद उसने मोहम्मद अली बनने का फैसला किया! जानिए केस अपडेट और पूरा मामला...

3 min read
Jun 09, 2026
Ayush Malik Shamli, Mohammad Ali Shamli conversion, Shamli conversion case update, Chandni Quraishi arrest, UP News
आयुष ने बताई हिंदू से मोहम्मद अली बनने की कहानी (फोटो- पत्रिका)

Ayush Malik Shamli: 'हाथ कांपने लगे...बीपी बढ़ गया', उत्तर प्रदेश के शामली जिले में धर्मांतरण के हाई प्रोफाइल मामले में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब करोड़पति दवा कारोबारी के बेटे आयुष मलिक ने खुद हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम कुबूल करने और मोहम्मद अली बनने की पूरी इनसाइड स्टोरी दुनिया के सामने रखी है। आयुष ने बताया है कि आखिर कैसे यूट्यूब (YouTube) के एक वीडियो ने उसकी जिंदगी बदल दी। इतना ही नहीं आयुष का कहना है कि उस वीडियो को देखने के बाद उसका बीपी बढ़ गया और हाथ कांपने लगे थे।

YouTube का वो वीडियो और कांपने लगे हाथ

आयुष मलिक उर्फ मोहम्मद अली ने मीडिया के सामने बेबाकी से अपनी कहानी बयां करते हुए बताया कि वह काफी समय से इस्लाम के बारे में पढ़ और समझ रहा था। एक दिन जब वह YouTube पर एक इस्लामिक वीडियो देख रहा था तो अचानक उसके शरीर में अजीब सी हलचल पैदा हुई। आयुष के मुताबिक उस वीडियो को देखते समय अचानक उसका ब्लड प्रेशर (BP) हाई हो गया और उसके हाथ कांपने लगे। उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे कोई रूहानी ताकत उसे पुकार रही है। आयुष का दावा है कि इसी घटना ने उसके दिलोदिमाग पर गहरा असर डाला और तभी उसने इस्लाम अपनाने का फैसला कर लिया।

आयुष से बन गया मोहम्मद अली

वीडियो देखने पर हुए अहसास के बाद आयुष ने अपना नाम बदलकर मोहम्मद अली रख लिया। उसने अपने इस फैसले को पूरी तरह से अपनी मर्जी और आंतरिक विश्वास का परिणाम करार दिया। आयुष ने बताया कि उसने अपनी समझ और लंबे अध्ययन के आधार पर इस्लाम को अपनाया। इसके साथ ही आयुष ने कहा वह अब पूरी तरह इस्लाम अपना चुका है, पांच वक्त का नमाजी है और सुन्नत के तौर पर दाढ़ी भी रखी हुई है। आयुष का साफ कहना है कि किसी ने उसका ब्रेनवॉश नहीं किया है बल्कि उसने बिना किसी दबाव के अपनी आत्मा की आवाज सुनकर इस्लाम कुबूल किया है।

जिम ट्रेनर चांदनी से जुड़ा है पूरा विवाद

गौरतलब है कि आयुष ने अपनी मुस्लिम जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी से भी 4 साल पहले इस्लामिक तौर-तरीके से निकाह किया था। जब आयुष के निकाह और मुस्लिम बनने का राज खुला तो शामली में भारी बवाल मच गया। आयुष के पिता देवराज मलिक ने चांदनी और उसके परिवार पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने और ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठने की गंभीर आरोप जड़ते हुए FIR दर्ज करा दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। यूपी के शामली से सामने आया यह मामला फिलहाल जांच एजेंसियों के रडार पर है।

हिंदू संगठनों का बवाल और पुलिस जांच

शामली के इस धर्मांतरण कांड को लेकर तमाम हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है और इलाके में तनाव का माहौल है। संगठन लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस अब आयुष के YouTube वीडियो वाले बयान की भी गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वाकई यह सिर्फ एक वीडियो का असर था या इसके पीछे किसी बड़े धर्मांतरण सिंडिकेट का हाथ है।

बता दें कि यह मामला तब गरमाया जब मुजफ्फरनगर के योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर ने 4 जून को एक वीडियो जारी किया। वीडियो में दावा किया गया कि भारत मेडिकल स्टोर के मालिक के इकलौते बेटे को चांदनी ने फंसा लिया है और पूरा परिवार धर्म बदल चुका है। हालांकि, आयुष के पिता देवराज मलिक ने साफ किया कि सिर्फ उनके बेटे को साजिश का शिकार बनाया गया, जबकि वह और उनकी पत्नी आज भी पूरी तरह से हिंदू धर्म का पालन कर रहे हैं और रोजाना हनुमान मंदिर जाते हैं।